महिला खिलाड़ी का सनसनीखेज आरोप, सीआरपीएफ के 2 अफसरों ने किया यौन शोषण
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला खिलाड़ी भी सीआरपीएफ की ओर से खेलती है।

महिला खिलाड़ी ने बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF ) के दोनों अधिकारियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दी है। वहीं महिला की शिकायत पर दिल्ली पुलिस छानबीन में जुट गई है।

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में एक महिला खिलाड़ी ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल  के 2 अधिकारियों पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। इस बाबत महिला खिलाड़ी ने बाबा हरिदास नगर थाना पुलिस में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के दोनों अधिकारियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दी है। वहीं, महिला की शिकायत पर दिल्ली पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला खिलाड़ी भी सीआरपीएफ की ओर से खेलती है। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, सीआरपीएफ के जवानों ने बहाने से उसके साथ यौन शोषण किया।

3 दिसंबर को महिला खिलाड़ी ने दर्ज कराई थी शिकायत

दिल्ली पुलिस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, महिला ने अपने साथ हुए यौन शोषण की शिकायत 3 दिसंबर को दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में 376 के तहत केस दर्ज किया है। मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण दिल्ली पुलिस ने पीड़िता के साथ सीआरपीएफ के अफसरों का नाम उजाकर नहीं किया है। पुलिस की मानें तो मामले में जांच जारी है।

आपस में परिचित हैं आरोपित और पीड़ित

जागरण संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित महिला खिलाड़ी और यौन शोषण के आरोपित सीआरपीएफ के दोनों अधिकारी आपस में परिचित हैं। महिला खिलाड़ी भी सीआरपीएफ की ओर से खेलती है।