उपचुनाव में हारे एमपी के पूर्व मंत्रियों को आयोग या निगम में समायोजन करने को लेकर गतिविधियां हुईं तेज

 भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया विमानतल से सीधे पहुंचे मुख्यमंत्री आवास।


भोपाल विमानतल पर सिंधिया का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के साथ लंबी बैठक की। उपचुनाव में हारे पूर्व मंत्रियों को आयोग या निगम में समायोजित किया जाएगा।

भोपाल, स्टेट ब्यूरो। विधानसभा उपचुनाव के बाद मध्य प्रदेश में सत्ता और संगठन के बहुप्रतीक्षित विस्तार की गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ लंबी बैठक की। इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार, निगम, मंडल और आयोग में नियुक्ति के साथ प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार को लेकर चर्चा हुई। माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद जल्द ही चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। उपचुनाव में हारे पूर्व मंत्रियों को आयोग या निगम में समायोजित किया जाएगा।

सिंधिया की मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हुई चर्चा

सिंधिया भोपाल पहुंचने पर विमानतल से सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उनकी मुख्यमंत्री के साथ एकांत में लंबी बैठक हुई। बताया जा रहा है कि सिंधिया समर्थक चाहते हैं कि मंत्रिमंडल विस्तार जल्द हो ताकि कार्यकर्ताओं में अच्छा संदेश जाए। वैसे भी अब कभी भी निकाय चुनाव का बिगुल बज सकता है।

सिंधिया समर्थक दोनों मंत्रियों के इस्तीफे मुख्यमंत्री को दिए जा चुके, लंबित हैं

उल्लेखनीय है कि उपचुनाव के दौरान गोविंद सिंह राजपूत और तुलसीराम सिलावट ने इस्तीफा दे दिया था। दोनों चुनाव जीत चुके हैं। वहीं, सिंधिया समर्थक तीन मंत्री (इमरती देवी, एदल सिंह कंषाना और गिर्राज दंडोतिया) चुनाव हार गए। कंषाना का इस्तीफा स्वीकार हो चुका है, जबकि इमरती देवी और गिर्राज दंडोतिया के इस्तीफे मुख्यमंत्री को दिए जा चुके हैं, जो लंबित हैं।

सिंधिया की प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से हुई बैठक, संगठन विस्तार को लेकर हुई वार्ता

मुख्यमंत्री के बाद सिंधिया की प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ बैठक हुई। इसमें संगठन विस्तार से लेकर अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सिंधिया ने कहा- बंगाल में जनता देगी जवाब

सिंधिया ने मीडिया से चर्चा में कहा कि बंगाल में प्रजातांत्रिक मूल्यों पर तांडव का उदाहरण देखने को मिला है। इसका जवाब वहां की जनता चुनाव में जरूर देगी। कृषि कानूनों को लेकर उन्होंने कहा कि देश में कृषि प्रधान सरकार है और किसानों के हित में लगातार काम किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री लगातार किसानों से बात कर रहे हैं।

सिंधिया का विमानतल पर हुआ जोरदार स्वागत

भोपाल विमानतल पर सिंधिया का समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, हरदीप सिंह डंग, विधायक गोविंद सिंह राजपूत, तुलसीराम सिलावट, जजपाल सिंह जज्जी सहित अन्य विधायक और कार्यकर्ता पहुंचे थे। यहां से उनका काफिला सीधे मुख्यमंत्री आवास पहुंचा।