
केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली बॉर्डर पर किसानों का प्रदर्शन पिछले 18 दिनों से जारी है। किसान आज भूख हड़ताल पर हैं। इस बीच एक बार फिर गृह मंत्री अमित शाह से मिलने उनके आवास पर कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पहुंचे।
नई दिल्ली। केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली बॉर्डर पर किसानों का प्रदर्शन पिछले 18 दिनों से जारी है। आज आंदोलन का 19वां दिन है। किसानों ने अपना प्रदर्शन तेज कर दिया है और आज वे भूख हड़ताल पर हैं। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फिक्की के कार्यक्रम में कहा कि सरकार किसानों के साथ बातचीत करने और उनकी हर गलतफहमी को दूर करने के लिए तैयार है। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह से नरेंद्र सिंह तोमर ने मुलाकात की। बता दें कि केंद्र सरकार चाहती है कि नए कृषि कानूनों को लेकर गतिरोध बातचीत के माध्यम से खत्म किया जाए, लेकिन किसान इसकी वापसी की मांग पर अड़े हुए हैं। किसान संगठनों और सरकार के बीच कई दौर की बातचीत भी हो चुकी है, लेकिन बात नहीं बन पाई है।
LIVE Farmers Protest Updates
>> दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आज किसानों
के समर्थन में पूरा देश है, देश का किसान इन तीन काले कानूनों से डरा हुआ
है क्योंकि इनके लागू होने के बाद उसकी ज़िंदगी में भूचाल आ गया है। जब
किसान सड़कों पर विरोध में है तो ये उसे देश की सुरक्षा के लिए खतरा,
नक्सली बोल रहे हैं।
>> आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने कहा कि बहुत शर्म की बात
है कि केंद्र सरकार ने किसानों की जायज मांगों को मानने के लिए अड़ियल
रवैया अपनाया हुआ है और पूरे देश का पेट पालने वाला आज खुद भूखे रहने पर
मजबूर है। पूरी दुनिया में इसकी(आंदोलन) चर्चा हो रही है, अब ये जन आंदोलन
बन गया है।
>> भाजपा नेता देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों पर टिप्पणी करने के बजाय पहले महाराष्ट्र के किसानों की बात करनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों को यहां उनके घरों में पीटा जा रहा है और राज्य सरकार दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के अधिकारों की बात कर रही है और इसे आपातकालीन स्थिति बता रही है।
>> केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के विरोध के बीच, भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने सोमवार को दावा किया कि देश के 99 प्रतिशत किसान मोदी सरकार के साथ हैं। समाचार एजेंसी पीटीआइ के अनुसार उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जारी किसानों आंदोलन को हवा दी।
>> मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीतिक रोटियां न सेंके। देश के किसान इन कानूनों के पक्ष में हैं, जो किसान भाई सिंघु बॉर्डर पर बैठे हैं वो भी हमारे अपने हैं। सरकार हर प्रश्न का उत्तर देने और हर समस्या के समाधान के लिए तैयार है।
>> रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के साथ बातचीत करने और उनकी गलतफहमियों को दूर करने के लिए तैयार है, लेकिन उन्होंने कहा कि हालिया सुधार किसानों के हितों के मद्देनजर किए गए हैं। राजनाथ सिंह ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे किसानों के खिलाफ कदम उठाने का कोई सवाल ही नहीं है।
>> कृषि कानूनों के समर्थन में देशभर के 10 किसान संगठनों
ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के साथ मीटिंग की है। ये संगठन
उत्तर प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, बिहार और हरियाणा जैसे विभिन्न
राज्यों के हैं और अखिल भारतीय किसान समन्वय समिति से जुड़े हैं।
>> कृषि कानूनों के खिलाफ जयसिंहपुर खेड़ा (राजस्थान-हरियाणा) बॉर्डर पर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने पपेट शो आयोजित किया। पपेट कलाकार ने बताया, "कठपुलती के माध्यम से मैं किसानों की बात कहना चाहता हूं कि तीनों कानूनों को खत्म करो।
>> उत्तर प्रदेश: कृषि कानूनों के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन ने बुलंदशहर में कलेक्टर ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
>> दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी
पहले दिन से किसानों के आंदोलन के समर्थन में है। हमने दिल्ली में स्टेडियम
को जेल बनने से रोका, किसानों की सेवा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को हाउस
अरेस्ट किया गया लेकिन हमारी लड़ाई और समर्थन जारी रहेगा।
>> दिल्ली: गाजीपुर (दिल्ली-यूपी) बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग -24 को ब्लॉक कर दिया। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत ने कहा कि ऐसा फिर नहीं होगा। सामान्य लोग प्रभावित नहीं होंगे। हम चाहते थे कि वे एक बार महसूस करें कि कुछ मिनट भी कितने महत्वपूर्ण होते हैं।
>> दिल्ली: कृषि कानूनों के खिलाफ जंतर-मंतर पर पंजाब के कांग्रेस सांसदों का विरोध प्रदर्शन जारी है। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बताया, "किसान जो भी आंदोलन करेंगे हम उसमें भाग लेंगे। जितनी देर किसान भूख हड़ताल पर हैं उतनी देर मैं और विधायक कुलबीर जीरा भी भूख हड़ताल पर हैं।