दिल्‍ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे के टोल प्‍लाजा पर किसान पहुंचे, जानिए पानीपत सहित कई जिलों का हाल

 

पानीपत में बाबरपुर और डाहर टोल प्‍लाजा पर किसान पहुंचे।
कृषि कानून का विरोध कर रहे किसानों के आह्वान पर दिल्‍ली चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर बने टोल प्‍लाजा पर बड़ी संख्‍या में लोग पहुंचे। पानीपत के बाबरपुर और डाहर टोल प्‍लाजा सहित करनाल यमुनानगर और जींद में भी टोल फ्री करवाया।

पानीपत। किसानों ने एक दिन के लिए टोल नाकों को टोल फ्री करने की मुहिम छेड़ी है। कृषि कानून का विरोध कर रहे किसानों के आह्वान पर टोल प्‍लाजा पर सुबह से ही किसान पहुंचने शुरू हो गए। दिल्‍ली चंडीगढ़ नेशनल हाईवे के ज्‍यादातर टोल पर किसानों ने पहुंचकर फ्री करवाया। पानीपत के बाबरपुर और डाहर टोल प्‍लाजा सहित करनाल, यमुनानगर, अंबाला और जींद में भी टोल प्लाजा पर किसानों ने कब्‍जा कर वाहनों को फ्री में जाने दिया।

Farmers Protest Karnal

- यमुनानगर में सुबह 9 से शाम पांच बजे टोल पर 10 लाख का नुकसान होगा।

Farmers Protest Yamunanagar

पानीपत में जीटी रोड पर बाबरपुर के नजदीक एलएंडटी कंपनी का टोल नाका है। इस नाके पर शुक्रवार रात करीब एक बजे दिल्‍ली से कुछ किसान पहुंचे तो टोल कर्मियों ने नाका फ्री कर दिया। सभी वाहनों को बिना टोल शुल्‍क वसूले जाने दिया गया। सुबह फिर से नाका लगा दिया गया। केवल किसानों की लगी झंडी वालों को ही फ्री जाने दिया। यह सूचना मिलते ही किसान यूनियन से जुड़े नेता टोल नाके पर पहुंच गए। करीब पौने ग्‍यारह बजे नाके को फिर से फ्री कर दिया गया।

Farmers Protest Panipat

बिना झंडी वालों से वसूला टैक्‍स

सुबह दस बजे के करीब टोल नाका फ्री नहीं हुआ था। जिनकी गाड़ी पर किसान यूनियन की झंडी लगी थी, उन्‍हें फ्री जाने दिया गया। जिनकी गाड़ी पर झंडी नहीं थी, उसे रोक लिया जाता। फास्‍टैग से टैक्‍स वसूला जाता। जिसके पास फास्‍टैग नहीं था, उससे नकद राशि ली गई। फाटक नहीं खोला गया। हालांकि बाद में सभी के लिए टोल नाका फ्री कर दिया गया।

किसान एकता जिंदाबाद के नारे

जीटी रोड पर ही किसानों ने किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। टोल के सभी बूथों पर जाकर कहा कि आज किसी से टोल टैक्‍स नहीं लिया जाए। अगर टोल टैक्‍स लिया तो वे धरने पर बैठ जाएंगे।

दो डीएसपी नियुक्‍त

कानून व्‍यवस्‍था बनाए रखने के लिए बाबरपुर और डाहर के पास दोनों टोल नाकों पर दो डीएसपी के नेतृत्‍व में पुलिस तैनात है। हालांकि किसानों के तेवर को देखते हुए कोई रोकने के लिए आगे नहीं आ रहा है। टोल नाके फ्री हो चुके हैं।

Farmers Protest Panipat

डाहर नाके पर पहुंचे किसान, नारेबाजी

पानीपत में रोहतक की तरफ जाने वाले रास्‍ते पर डाहर के नजदीक टोल नाका है। सुबह से ही पुलिस फोर्स नाके पर पहुंच गई। किसानों का एक दल टोल नाके पर पहुंचा और अपील की कि टोल नाके को फ्री कर दें। टोल कर्मी अपनी सीट से पीछे हट गए। सभी बैरियर खोल दिए गए। टोल नाका फ्री कर दिया गया है।

यमुनानगर में भी मिल्क माजरा में टोल पर पहुंचे किसा

कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर किसानों ने मिल्क माजरा टोल को फ्री करा दिया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे भाकियू चढूनी गुट के नेतृत्व में किसान टोल पर पहुंचे। यहां पर वाहनों को निशुल्क निकाला गया। इस दौरान सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।

भाकियू के प्रधान संजू भी पहुंचे

भाकियू के जिला प्रधान संजू गूूंदियाना ने कहा कि कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर यह आंदोलन है। इसके तहत ही टोल को फ्री कराया गया है। सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर पांच बजे तक किसी भी भी वाहन से टोल नहीं वसूलने दिया जाएगा। यह आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्वक होगा। आंदोलन में शामिल सभी किसानों को इस बारे में समझा दिया गया है। किसी भी वाहन को नहीं रोका जाएगा।

कर्मियों ने भी नहीं किया कोई विरोध

सुबह जैसे ही किसान टोल पर पहुंचे, तो कर्मियों ने भी कोई विरोध नहीं किया। भाकियू पदाधिकारियों ने टोल फ्री कराने की पहले ही घोषणा कर दी थी। जिसके चलते कर्मी पहुंचे, लेकिन किसी भी वाहन के निकलने का विरोध नहीं किया गया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर एसडीएम जगाधरी दर्शन कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।

लगाई गई थी धारा 144

डीसी ने किसानों के इस आंदोलन को देखते हुए धारा 144 लागू की थी, लेकिन उसका भी कोई असर नहीं दिखाई दिए। सैंकड़ों की संख्या में किसान टोल पर जुटे। पुलिस मौजूद रही, लेकिन किसी भी किसान का कोई विरोध नहीं किया गया।

करनाल के बसताड़ा टोल प्लाजा व करनाल-असंध मार्ग पर प्योंत टोल प्लाजा भी फ्री

करनाल की सीमा में दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर बसताड़ा टोल प्लाजा व करनाल-असंध मार्ग पर प्योंत टोल प्लाजा पर किसान पहुंच गए। वाहनों की आवाजाही सुचारू है। लेकिन टोल टैक्स की अदायगी नहीं हो रही है। वहीं किसानों में रोष लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते भारी पुलिस बल दोनों टोल प्लाजा पर तैनात किए हुए हैं।

Farmers Protest Karnal

दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर बसताड़ा टोल प्लाजा पर धरना दे रहे किसान हुक्का गुड़गुड़ाते हुए व धरने में शामिल महिलाएं।