- wp
- affiliates

गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने अहमदाबाद के वटवा तथा अमराई वाडी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक समारोह में पन्ना प्रमुखों को पहचान पत्र वितरित किए तथा उन्हें भाजपा की जीत की गारंटी बताया है।
अहमदाबाद, जागरण संवाददाता। गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि महात्मा गांधी का कांग्रेस विसर्जन के सपने को भाजपा पूरा करेगी। पेज समिति भाजपा के जीत की गारंटी है। कच्छ में पाटिल का घूमते हुए कमल पर सवार कर भव्य स्वागत किया गया। गुजरात में भारतीय जनता पार्टी सदस्यता अभियान के साथ पन्ना प्रमुख व पन्ना समितियों का गठन कर रही है। अहमदाबाद के वटवा तथा अमराई वाडी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक समारोह में पाटिल ने पन्ना प्रमुखों को पहचान पत्र वितरित किए तथा उन्हें भाजपा की जीत की गारंटी बताया। करीब 17 हजार कार्यकर्ताओें की हाजिरी में पाटिल ने कहा कि पन्ना प्रमुख तथा पन्ना समितियां भाजपा का अभेद व अचूक शस्त्र हैं।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का आजादी के बाद यह सपना था कि कांग्रेस को विसर्जित कर दिया जाए। अब उनका सपना भारतीय जनता पार्टी पूरा करेगी। पाटिल ने कांग्रेस को डूबती नाव बताते हुए कहा कि कांग्रेस अपना अस्तित्व खोती जा रही है। पाटिल ने अहमदाबाद की 192 महानगर पालिका की सीटों में से 175 सीट जीतने का कार्यकर्ताओं के सामने लक्ष्य रखा। पिछले 2015 के चुनाव में भाजपा को 142 सीट हासिल हुई थी, जबकि 48 पर कांग्रेस विजेता रही। दो सीटों पर अन्य की जीत हुई। भाजपा की नजर अब इन विपक्ष की 50 सीटों पर है। पाटिल ने कहा कि कांग्रेस के नेता इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय हैं।
समारोह में गृह राज्य मंत्री व अहमदाबाद भाजपा के प्रभारी प्रदीप सिंह जाडेजा भी उपस्थित थे। जाडेजा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता अपने पूर्ण समर्पण के साथ पार्टी को जीत दिलाएंगे। पन्ना प्रमुख कांग्रेस को हराने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता तथा पेज समितियां हैं। समारोह में रेवाड़ी के विधायक जगदीश पटेल भी मौजूद रहे तथा शहर भाजपा अध्यक्ष भी इसमें शामिल हुए। इससे पहले कच्छ में आयोजित एक समारोह में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पाटिल को घूमते हुए कमल निशान के प्लेटफार्म पर खड़ा कर उनका भव्य स्वागत किया। पाटिल ने यहा पर भी पन्ना प्रमुख के साथ संवाद किया तथा आगामी स्थानीय निकाय चुनाव की रणनीति पर विचार किया।