पत्नी ने लिया तलाक तो गुस्साए पति ने दो लोगों को किया घायल, एक की मौत

 

राजन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

आरोपित सागर ने पुलिस को बताया कि राजन व पेरिस्वामी की वजह से उसका और उनकी पत्नी के बीच तलाक हुआ था। जिसके कारण वे काफी निराश थे और दोनों से बदला लेना चाहते थे। बुधवार को शराब के नशे में उसने वारदात को अंजाम दिया।

नई दिल्ली, संवाददाता। पत्नी से तलाक के बाद गुस्साए शख्स ने बुधवार को दो शख्स पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें से एक शख्स की इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। मामला डाबड़ी थाना क्षेत्र का है। आरोपित को शक था कि उसकी पत्नी के साथ उन दोनों के अवैध संबंध हैं और उन्हीं दोनों के कारण पत्नी ने तलाक लिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मृतक की पहचान विजय एंक्लेव निवासी पेरिस्वामी (26) के रूप में हुई है। वहीं घायल का नाम रोहताश नगर निवासी राजन है। मामले में पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया है। आरोपित की पहचान महावीर एंक्लेव पार्ट-2 निवासी सागर (26) के रूप में हुई है।

आरोपित मजदूरी करता था और दो माह पहले ही उसका पत्नी से तलाक हो गया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को वारदात की जानकारी मिली, जिसके बाद एसआइ महावीर मौके पर गए। जहां घायलों को हरि नगर स्थित दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। राजन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। राजन ने बताया कि सागर व उसके दो साथियों ने उस पर व पेरिस्वामी पर हमला किया था। आरोपित सागर ने पुलिस को बताया कि राजन व पेरिस्वामी की वजह से उसका और उनकी पत्नी के बीच तलाक हुआ था। जिसके कारण वे काफी निराश थे और दोनों से बदला लेना चाहते थे। बुधवार को शराब के नशे में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ डाबड़ी थाने में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज है। मामले में आरोपित के दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।

प्रेमी ने शादी से किया इन्कार तो युवती ने की आत्महत्या

वहीं, निहाल विहार थाना क्षेत्र में प्रेमी के शादी से इन्कार करने पर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती के स्वजन ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी और शख्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन में जुटी है। युवती ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें प्रेमी द्वारा धोखा देने की बात लिखी है।

युवती के पिता ने पुलिस को बताया ‘मेरी बेटी एक युवक से प्रेम करती थी। वह शादी करने का झांसा देता था। चार महीने पहले युवक ने शादी करने से इन्कार कर दिया और उसका रिश्ता कहीं और ठीक कर दिया गया। इसके बाद मेरी बेटी डिप्रेशन में चली गई और आत्महत्या कर ली। पांच-छह वर्ष पूर्व युवक की मां हमारे घर आई थी और अपने बेटे की शादी मेरी बेटी से करने की बात कही, लेकिन उस दौरान हमने कहा कि अभी लड़की की उम्र कम है। चार वर्ष पहले युवक की मां ने इस रिश्ते को ना कह दिया था।