केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा- कानून का मुस्लिम महिलाओं ने किया स्वागत, तीन तलाक के मामलों में आई कमी

 


दो साल पहले मोदी सरकार ने तत्काल तीन तलाक की प्रथा को बनाया था अपराध

 नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने एक अगस्त 2019 को कानून बनाया जिसने तत्काल तीन तलाक की प्रथा को अपराध बना दिया। नकवी ने एक बयान में कहा कि कानून लागू होने के बाद तत्काल तीन तलाक के मामलों में उल्लेखनीय गिरावट आई है।

नई दिल्ली, प्रेट्र। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को कहा कि देश में तत्काल तीन तलाक के खिलाफ कानून बनने के बाद इस तरह के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने कहा कि देशभर में मुस्लिम महिलाओं ने तत्काल तीन तलाक के खिलाफ कानून का जोरदार स्वागत किया है। नकवी की यह टिप्पणी मुस्लिम महिला अधिकार दिवस की पूर्व संध्या पर सामने आई है। इस सामाजिक बुराई के खिलाफ कानून बनाए जाने की याद में एक अगस्त को मुस्लिम महिला अधिकार दिवस मनाया जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने एक अगस्त, 2019 को कानून बनाया, जिसने तत्काल तीन तलाक की प्रथा को अपराध बना दिया। नकवी ने एक बयान में कहा कि कानून लागू होने के बाद तत्काल तीन तलाक के मामलों में उल्लेखनीय गिरावट आई है। देशभर के विभिन्न संगठन एक अगस्त को मुस्लिम महिला अधिकार दिवस के रूप में मनाएंगे।केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और नकवी रविवार को मुस्लिम महिला अधिकार दिवस मनाने के लिए नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

नकवी ने कहा कि मोदी सरकार ने देश में मुस्लिम महिलाओं की आत्मनिर्भरता, स्वाभिमान और आत्मविश्वास को मजबूत किया है और तत्काल तीन तलाक के खिलाफ कानून लाकर उनके संवैधानिक, मौलिक और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की है।