सीबीआइ जांच के आदेश से आप सरकार का पतन शुरूः आदेश गुप्ता

 

डीटीसी बस खरीद में गड़बड़ी भी हुई है इसलिए इन्हें सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
आज डीटीसी को प्रति वर्ष लगभग 25 सौ करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। यह नुकसान भ्रष्टाचार की वजह से हो रहा है। सीबीआइ की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ ही परिवहन मंत्री व संबंधित अधिकारियों को पद से हटाया जाना चाहिए।

नई दिल्ली । भाजपा ने दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत सहित दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के एक हजार लो फ्लोर बस खरीद से संबंधित अधिकारियों को उनके पद से हटाने की मांग की है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि बस खरीद मामले की सीबीआइ जांच के आदेश से आम आदमी पार्टी (आप) सरकार का पतन शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वर्ष 2013 में बोला था कि एक भी दागी को वह विधानसभा में नहीं बैठने देंगे। आज उनकी पार्टी के कई विधायकों के खिलाफ गंभीर आरोप हैं। डीटीसी बस खरीद में गड़बड़ी भी इनके कार्यकाल में हुई है इसलिए इन्हें सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल खेल घोटाला में किसी मंत्री पर सीधा आरोप नहीं था बावजूद इसके दिल्ली की जनता ने शीला दीक्षित सरकार को माफ नहीं किया और 2013 में सत्ता से बेदखल कर दिया था। नगर निगम और उसके बाद विधानसभा चुनाव में दिल्ली की जनता आप को सबक सिखाएगी।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि विजेंद्र गुप्ता ने जब बसों की खरीद का मामला विधानसभा में उठाया था तो भाजपा विधायकों को इस विषय पर बोलने नहीं दिया गया था। भाजपा की मेहनत रंग लाई और अब इस मामले की सीबीआइ जांच होगी।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व रोहिणीके विधायक विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि पहली बार डीटीसी के अध्यक्ष के पद पर राजनीति से संबंध रखने वाले व्यक्ति को बैठाया गया है। आज डीटीसी को प्रति वर्ष लगभग 25 सौ करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। यह नुकसान भ्रष्टाचार की वजह से हो रहा है। सीबीआइ की निष्पक्ष जांच के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ ही परिवहन मंत्री व संबंधित अधिकारियों को पद से हटाया जाना चाहिए।