दिल्ली में नाइजीरियाई ड्रग तस्कर गिरोह की दो महिला सदस्य गिरफ्तार, दो किलो हेरोइन बरामद

 


नाइजीरियाई ड्रग तस्कर गिरोह की दो महिला सदस्य गिरफ्तार

 आयुक्त क्राइम ब्रांच आलोक कुमार के मुताबिक गिरफ्तार किए गए महिला ड्रग तस्करों के नाम कैरोलीन फ़ोकसम व मधु है। कैरोलीन मूलरूप से पश्चिम बंगाल और मधु पंजाब की रहने वाली है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अपने-अपने परिवार को छोड़कर साथ रह रही थी।

नई दिल्ली,  संवाददाता। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने नाइजीरियाई नागरिकों द्वारा संचालित ड्रग तस्करी के मामले में दो महिला तस्कर को गिरफ्तार कर अंतराष्ट्रीय ड्रग तस्करी गिरोह के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। सरगना के निर्देश पर दोनों महिलाएं 2 किलो उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन लेकर पंजाब के किसी तस्कर को आपूर्ति करने जा रही थी, तभी इन्हें द्वारका इलाके से दबोच हेरोइन जब्त कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 4 करोड़ हो सकती है। संयुक्त आयुक्त क्राइम ब्रांच आलोक कुमार के मुताबिक गिरफ्तार किए गए महिला ड्रग तस्करों के नाम कैरोलीन फ़ोकसम व मधु है। कैरोलीन मूलरूप से पश्चिम बंगाल और मधु पंजाब की रहने वाली है।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अपने-अपने परिवार को छोड़कर साथ रह रही थी। कैरोलीन को 2013 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। मधु को भी उसी साल दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार किया था। तिहाड़ जेल में एक साथ रहने के दौरान दोनों अच्छे दोस्त बन गए।जेल में दोनों हेनरी नाम के एक नाइजीरियाई नागरिक के संपर्क में भी आई जो नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में सजा काट रहा था। उसने दोनों महिलाओं को अत्यधिक पैसा कमाने का प्रलोभन देकर अपने गिरोह में शामिल कर लिया। दोनों जब जमानत पर जेल से बाहर आईं तो वे नशीले पदार्थों की तस्करी करने लगी और काफी उपयोगी साबित हुईं क्योंकि पुलिस आमतौर पर अधेड़ उम्र की महिलाओं पर शक नहीं करती है। दोनो पिछले 2 वर्षों से दिल्ली पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मुंबई और कोलकाता के विभिन्न शहरों में भारी मात्रा में ड्रग की आपूर्ति कर चुकी है।

नाइजीरियाई तस्कर अफगानिस्तान और पाकिस्तान से ड्रग्स मंगवा उसे देश के कई राज्यों में आपूर्ति करता है। दिल्ली से बाहर भेजने पर सरगना इन महिलाओं को प्रति ट्रीप एक-एक लाख देते थे। ड्रग सिंडिकेट का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है। 28 जुलाई काे क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि नाइजीरियाई डग्र तस्कर उत्तम नगर से ड्रग तस्करी का धंधा चला रहे हैं।

एसीपी गिरीश कौशिक, महिला एएसआइ अनुपमा राठी, युद्ध्वीर सिंह, एएसआइ रामलाल की टीम ने द्वारका मोड़ से दोनों को उस समय दबोच लिया जब वे स्विफ्ट डिजायर से किसी को हेरोइन आपूर्ति करने पंजाब जा रही थी। पुलिस ने हेरोइन के अलावा कार भी जब्त कर ली।