दिल्ली में 5 अक्टूबर से शुरू होगा बायो डिकंपोजर के घोल का छिड़काव, सीएम केजरीवाल ने किया शुभारंभ

 

दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने किया डी कंपोजर घोल के निर्माण की प्रक्रिया का शुभारंभ
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खड़कडी नाहर स्थित राजकीय फार्म में डी कंपोजर घोल के निर्माण की प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 4200 एकड़ खेत पर इस घोल का छिड़काव किया जाएगा।

नई दिल्ली,  संवाददाता। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खड़कडी नाहर स्थित राजकीय फार्म में बायो डिकंपोजर घोल के निर्माण की प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष 4200 एकड़ खेत पर इस घोल का छिड़काव किया जाएगा। इसके लिए 844 किसानों ने दी है सहमति भी दे दी है। पिछले वर्ष करीब 2 हजार एकड़ खेत घोल का छिड़काव किया गया था।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि फसल अवशेष (पराली) प्रबंधन के लिए पिछले वर्ष की तरह दिल्ली सरकार की ओर से पूसा संस्थान द्वारा विकसित डी कंपोजर घोल का छिड़काव इस साल भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि घोल तैयार होने पर इसका छिड़काव 5 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा। पूसा संस्थान द्वारा विकसित बायो डी कम्पोजर कैप्सूल की दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश में भी मांग बढ़ी है।

सभी राज्य छिड़कें बायो डि-कंपोजर

पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में एनसीआर के राज्यों के साथ संयुक्त बैठक में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने को लेकर कई अहम सुझाव दिए। उन्होंने सभी राज्यों से युद्ध स्तर पर बायो डि-कंपोजर का छिड़काव करने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकारें यह जिम्मेदारी अपने हाथ में लेंगी, तभी पराली की समस्या का जड़ से समाधान संभव है।