मुजफ्फरनगर का दंगा नहीं भूले लोग, भाजपा के सुशासन को देंगे वोट: योगी

 

हापुड़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिनंदन करते हुए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे होते थे। मुजफ्फरनगर का दंगा कोई नहीं भूला है। उस समय घरों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा होती थी लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज है।

हापुड़ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में दंगे होते थे। मुजफ्फरनगर का दंगा कोई नहीं भूला है। उस समय घरों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा होती थी, लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज है। दंगाइयों को पता है कि दंगा करने पर पूरी पापर्टी जब्त होगी। उनकी सात पीढियां भी नुकसान की भरपाई नहीं कर सकेंगी, इसलिए अब प्रदेश में दंगे बंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि तीन लाख करोड़ से अधिक का निवेश उत्तर प्रदेश में हुआ है। इस निवेश से प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिला है।

धौलाना-पिलखुवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोल रहे थे। याेगी ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बनाने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थीं लेकिन, आज बिना किसी रुकावट के अयोध्या में दुनिया के सबसे भव्य राम मंदिर का निर्माण चल रहा है। जो लोग तालिबान का समर्थन कर रहे हैं। उनकी मानसिकता का अंदाजा लगाया जा सकता है। क्योंकि तालिबान महिलाआें और बच्चों के लिए खतरा है। एेसे लोगों को पहचानना होगा, उनसे सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का विकास हो रहा है। हर नागरिक को सुरक्षा की गारंटी दी जाती है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की स्थिति बहुत बेकार थी लेकिन, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त बनाने का जो संकल्प लिया था, प्रदेश सरकार ने उसे पूरा किया है। आज प्रदेश में भय का वातावरण नहीं है। गंडागर्दी, दंगा और अराजकता नहीं है।उन्होंने कहा कि हमारे लिए राष्ट्र धर्म सर्वोपरि होना चाहिए। वर्तमान भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। लोग महापुरुषों को जाति, धर्म में न बांटे। उनका बलिदान देश के लिए हुआ है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को खत्म कर आतंकवाद को खत्म करने का काम हुआ है।

 

कांवड़ यात्रा में बजे डीजे

वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद जब प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रा निकालने का कार्यक्रम बना रही थी तो प्रशासन ने कहा था कि यह नहीं हो सकता। तब मैंने कहा था कि यह सभी शिवभक्त हैं, यह लोग अनुशासन में रहेंगे। भक्ति में लीन व्यक्ति अनुशासनहीनता नहीं कर सकते। उस अनुशासन के लिए प्रशासन को व्यवस्था देनी चाहिए। तब अधिकारी कह रहे थे कि शंख नहीं बजेगा, जुलूस नहीं निकलेगा और डीजे नहीं बजेगा, तब मैंने कहा था कि मैं आदेश दे रहा हूं और अब यह सबकुछ बजेगा। 

नए भारत का नया उत्तर प्रदेश

योगी ने कहा कि कोरोना का खतरा अभी समाप्त नहीं हुआ है। सदी की सबसे बड़ी महामारी से बचाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले दिन से ही लगातार गाइडलाइनों का पालन करने का आह्वान कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों और समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से प्रशासन और कोरोना योद्धाओं ने इस महामारी के विरुद्ध बड़ी लड़ाई लड़ी। यह पूरी दुनिया के लिए उदाहरण बना है। उत्तर प्रदेश माडल की आज तारीफें होती हैं। क्योंकि यह नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है। 

सभी धर्म के लोग मनाएं अपना त्योहार

हर वर्ग और हर धर्म के लोगों से कहा है कि वह कानून के दायरे में रहकर अपने त्योहार और पर्व को मनाएं। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह सभी को सुविधा और सुरक्षित माहौल दे। भाजपा सरकार ने यह माहौल पूरे प्रदेश में बनाया है। इसलिए लोग भाजपा को वोट दे रहे हैं।