मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रोम यात्रा की विदेश मंत्रालय से नहीं मिली अनुमति, गैर सरकारी संगठन के कार्यक्रम में किया गया था आमंत्रित

 

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रोम यात्रा की विदेश मंत्रालय से नहीं मिली अनुमति

विदेश मंत्रालय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रोम जाने की इजाजत नहीं दी। इसे लेकर ममता और तृणमूल के नेता क्षुब्ध हैं। एक गैर सरकारी संगठन के निमंत्रण पर उनका छह अक्टूबर को रोम जाने का कार्यक्रम था।

राज्य ब्यूरो, कोलकाताः विदेश मंत्रालय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रोम जाने की इजाजत नहीं दी। इसे लेकर ममता और तृणमूल के नेता क्षुब्ध हैं। एक गैर सरकारी संगठन के निमंत्रण पर उनका छह अक्टूबर को रोम जाने का कार्यक्रम था। विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने बंगाल के राज्य सचिवालय नवान्न को पत्र भेजकर अनुमति नहीं मिलने की जानकारी दी। हालांकि किन वजहों से रोम जाने की अनुमति नहीं दी गई है इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।

रोम में छह व सात अक्टूबर को दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया है, जिसमें पोप और जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल को भी आमंत्रित किया गया है। ममता को विधानसभा चुनाव में उनकी सफलता के लिए संगठन की ओर से बधाई भी गई थी। इससे पहले भी ममता बनर्जी को कई बार विदेश जा चुकी हैं। तीन साल पहले ममता बनर्जी जर्मनी और इटली गई थीं।

उस समय उन्होंने जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में इंडो-जर्मन वाणिज्य उद्योग कार्यक्रम में भाग लिया था। उन्होंने मिलान, इटली में आयोजित शारोदत्सव और विश्व बंगाल व्यापार सम्मेलन में भी भाग लिया था। मुख्यमंत्री ने राज्य में निवेश के लिए विदेशी निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए यह दौरा किया था।