रेवाड़ी में पुलिस को देख बदमाश ने छत पर चढ़कर किया हाई वोल्टेज ड्रामा, खुद को मार ली गोली

 

खुद के पैर में गोली मारता आरोपित युवक

भिवानी के एक बदमाश ने पुलिस द्वारा घेरने के बाद खुद को गोली मार ली। बदमाश ने दो गोली अपने पेट व एक गोली पैर में मारी ली जिससे वह घायल हो गया। यहां के ट्रामा सेंटर से घायल बदमाश को रोहतक पीजीआइ के लिए रेफर कर दिया गया।

रेवाड़ी,  संवाददाता। भिवानी के एक बदमाश ने पुलिस द्वारा घेरने के बाद खुद को गोली मार ली। बदमाश ने दो गोली अपने पेट व एक गोली पैर में मारी ली, जिससे वह घायल हो गया। यहां के ट्रामा सेंटर से घायल बदमाश को रोहतक पीजीआइ के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने खुद को गोली मारने वाली बदमाश के एक साथी को काबू कर लिया। बदमाश एक घर की छत पर चढ़ गया था। करीब आधे घंटे तक गांव में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना के बाद पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

भिवानी के गुवार फैक्ट्री एरिया निवासी राजन व भिवानी की डाबल कालोनी निवासी महेंद्र के खिलाफ कुछ दिन पहले ही हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में दोनों आरोपित फरार चल रहे थे। बुधवार को भिवानी पुलिस को दोनों आरोपितों की लोकेशन रेवाड़ी में मिली थी। दोपहर बाद करीब तीन बजे पुलिस दोनों का पीछा करते हुए बावल रोड स्थित गांव सुठानी में पहुंच गई।

jagran

पुलिस टीम ने एक आरोपित महेंद्र को काबू कर लिया, जबकि राजन एक घर में घुस गया। राजन ने पुलिस टीम पर भी गोली चलाई। हाथ में पिस्तौल लिए युवक के घर में घुसने से परिवार सदस्यों ने खुद को कमरे में बंद कर लिया तथा राजन छत पर चढ़ गया। राजन ने अपनी कनपटी पर पिस्तौल लगा कर पुलिस से आगे नहीं बढ़ने की चेतावनी दी। करीब तीस मिनट तक राजन छत पर ही चढ़ा रहा।

सूचना के बाद डीएसपी बावल राजेश कुमार व कसौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। खुद को पुलिस से घिरा देख कर राजन ने दो गोली पेट व एक गोली अपने पैर में मार ली तथा पिस्ताैल नीचे फेेंक दी। पुलिस के जवानों ने उसे तुरंत दबोच लिया। घायल हालत में उसे रेवाड़ी ट्रामा सेंटर में लाया गया, जहां से रोहतक पीजीआइ के लिए रेफर कर दिया गया।