शाहबाद डेरी इलाके में महिला पर पटाखे फेंकने के विरोध पर धारधार हथियार से किया हमला

 

शाहबाद डेरी इलाके में बदमाश ने अपने साथियों के साथ एक परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
शाहबाद डेरी में रहने वाली पीड़िता रामो देवी ने बताया कि शुक्रवार रात वह घर के बाहर थी। इस दौरान पड़ोस के युवक ने पटाखा जलाकर उन पर फेंक दिया। जब उनके बेटे संतोष ने विरोध किया तो वह झगड़ने लगा।

नई दिल्ली, संवाददाता। शाहबाद डेरी इलाके में शुक्रवार रात बदमाश ने अपने साथियों के साथ एक परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान शाहबाद डेरी के संतोष, विनोद, विभा देवी, ठेकु साह, रंजन शाह, निधि और सूर्यकांत आदि के रूप में हुई है। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश कर रही है। वारदात में इलाके के बदमाश पंजी का नाम सामने आ रहा है। वह पुलिस कर्मी से पिस्टल छीनने के मामले में भी आरोपित है।

शाहबाद डेरी में रहने वाली पीड़िता रामो देवी ने बताया कि शुक्रवार रात वह घर के बाहर थी। इस दौरान पड़ोस के युवक ने पटाखा जलाकर उन पर फेंक दिया। जब उनके बेटे संतोष ने विरोध किया तो वह झगड़ने लगा। कुछ देर बाद वह करीब एक दर्जन दोस्तों को लेकर आया और चाकू आदि से परिवार के लोगों पर हमला कर दिया।

आरोपितों ने संतोष पर वार किया और जब विनोद ने संतोष को बचाने की कोशिश तो उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद विभा देवी, ठेकु शाह आदि को भी हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। आसपास के लोगों को आता देख आरोपित मौके से फरार हो गए। घायलों को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।

मीडिया कर्मी पर भी हमला: जब स्थानीय मीडिया कर्मी देव शनिवार को इसकी कवरेज करने शाहबाद डेरी पहुंचे तो आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया। इससे मीडिया कर्मी के सिर पर गंभीर चोट आई है। मौके पर पहुंची पुलिस घायल को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसके सिर में टांके लगाने के बाद उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।