राजस्थान में चार दिवसीय मरू महोत्सव का आगाज, पहले दिन इन्होंने जमाया रंग

 

राजस्थान में मरू महोत्सव का आगाज, पहले दिन इनकी रही धूम। फोटो जागरण

Maru Mahotsav 2022 चार दिवसीय मरू महोत्सव का आगाज परमाणु नगरी के रूप में मशहूर पोकरण शहर से हुआ। यहां भव्य शोभायात्रा लोक लहरियों की गूंज विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं और उत्सवी रंग-रसों ने खासा समां बांधते हुए मरू संस्कृति की विलक्षणताओं और परंपराओं से रूबरू कराया।

जोधपुर, संवाद सूत्र। देश-दुनिया में विख्यात राजस्थान का मरू महोत्सव का रविवार से आगाज हुआ। चार दिवसीय महोत्सव का आगाज परमाणु नगरी के रूप में मशहूर पोकरण शहर से हुआ। यहां भव्य शोभायात्रा, लोक लहरियों की गूंज, विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं और उत्सवी रंग-रसों ने खासा समां बांधते हुए मरू संस्कृति की विलक्षणताओं और परंपराओं से रूबरू कराया। सालमसागर तालाब की पाल पर आयोजित कार्यक्रम में अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ, उपनिवेशन, कृषि सिंचित क्षेत्र विकास एवं जल उपयोगिता मंत्री शाले मोहम्मद ने झंडी दिखाकर भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ किया। पोकरण में मरू महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर समूचे शहर में उत्साह पसरा रहा।jagran

आकर्षण का केंद्र रहीं झाकियां

व्यवसायियों, विभिन्न समाजों व संस्थाओं, परिवारों और शहरवासियों ने रंगोली बनाकर तथा पुष्प वृष्टि कर शोभायात्रा का स्वागत किया और अपनी खुशी का इजहार किया। शोभायात्रा में बैंड की सुमधुर धुनों और लोकवाद्यों की स्वर लहरियों पर कलाकारों के कई समूहों ने आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत कर खूब मनोरंजन करते हुए मरु भूमि और राजस्थान की लोक लहरियों का परिचय दिया। शोभायात्रा में सजे-धजे ऊंटों पर सवार बीएसएफ के जांबाजों, बीएसएफ महिला टुकड़ी, बालिकाओं व महिलाओं की मंगल कलश यात्रा और विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। रास्ते भर नाच-गान करते हुए कलाकारों के समूहों ने कालबेलिया, अश्व, कच्छी घोड़ी, गैर आदि लोक नृत्यों की धूम मचा दी।

भरत बोहरा मिस्टर पोकरण व निकिता राठौड़ मिस पोकरण चयनित

मरू महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में हुई मिस पोकरण प्रतियोगिता को लेकर बालिकाओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में 20 बालिकाओं ने हिस्सा। पारंपरिक वेश भूषा में सजी-धजी बालिकाओं का सभी ने करतल ध्वनि से उत्साहवर्धन किया। मिस पोकरण प्रतियोगिता में निकिता राठौड़ मिस पोकरण चुनी गई। मिस पोकरण को लेकर बालिकाओं का उत्साह देखते हुए बनता था। इन प्रतिभागियों में कन्या कालेज पोकरण की खुशी गौड ने भी दिव्यांग होते हुए भी प्रतियोगिता में भाग लिया। मिस्टर पोकरण में पांट प्रतिस्पर्धियों ने हिस्सा लिया। जिसमें भरत बोहरा ने मिस्टर पोकरण का खिताब पाया।

प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह

मुख्य कार्यक्रम की सभी प्रतियोगिताएं आकर्षक का केंद्र रही। साफा बांधों प्रतियोगिता में दुर्जन सिंह भाटी विजेता रहे। रस्सा कस्सी में टीम कपिल विजेता रही। मल्लश्री का खिताब विक्रम जोशी ने अपने नाम किया तथा मटका दौड में रूकड़ी ने जीत हासिल की। इसके साथ ही मेहंदी प्रतियोगिता में तनीषा खत्री, मांडना में जसोदा व रंगोली पे्रतियोगिता में खुशबू विजेता रही। कार्यक्रम का समापन पद्मश्री अनवर खां व लंगा पार्टी के कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। पोकरण में प्रारंभ हुए मरु महोत्सव के पहले दिन मुख्य समारोह में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

प्रदर्शनी ने जमाया आकर्षण

मुख्य समारोह परिसर में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें बीएसएफ द्वारा भी स्टाल लगाई गई थी। बीएसएफ की हथियारों की प्रदर्शनी को देखने के लिए युवाओं में काफी उत्साह देखा गया। बीएफएफ द्वारा देश की प्रथम पंक्ति पर सुरक्षा में लगे सैनिकों को मुहैया करवाए जाने वाले हथियारों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। जिसमें 7.66 एमएम गन, असाल्ट रायफल, एक्स-95, इन्सास, एलएमजी, 84 एमएम जीआरएल, बैरिस्टा, सहित अन्य हथियारों का प्रदर्शन किया गया था। इसके साथ ही पोकरण विकास संस्थान, उरमूल, ऊंटनी के दूध, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, हस्तशिल्प आदि से संबंधित प्रदर्शनियां लगीं।

ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर जिला कलक्टर डा. प्रतिभा सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक भंवर सिंह नाथावत, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. टी. शुभमंगला, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरि सिंह मीना, बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट अविनाश कुमार, वीरेन्द्र सिंह, सीओ रणवीर सिंह, पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल, पूर्व प्रधान अमरदीन फकीर, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अमीन खां, उपखंड अधिकारी राजेश विश्नोई, पुलिस उपाधीक्षक मोटाराम, तहसीलदार बंटी राजपूत, विकास अधिकारी गौतम चौधरी, नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी तनुजा सोलंकी सहित क्षेत्र के जन प्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार, बीएसएफ के जवान, सैलानी और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।