
Breaking Hindi News Updates: रूस और यूक्रेन के बीच आज 34वें दिन भी लड़ाई जारी है। रूस लगातार यूक्रेन को निशाना बना रहा है। हालांकि, दोनों देशों के बीच एक बार फिर से वार्ता होगी।
HighLights
- रूस और यूक्रेन के बीच आज 34वें दिन भी लड़ाई जारी है।
- रूस ने ओब्लास्ट में निकोपोल के पास मिसाइलों से हमला किया है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत लोगों को सौगात दी।
नई दिल्ली, एजेंसियां: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को आज 34 दिन हो गए हैं। दोनों देशों के बीच अभी तक सुलह नहीं हो पाई है। इसी बीच यूक्रेन और रूस मंगलवार को तुर्की के शहर इस्तांबुल में शांति वार्ता के अगले दौर की बातचीत होगी। बताया जा रहा है कि स्थानीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे दोनों देशों के बीच वार्ता होगी। साथ ही यूक्रेनी और रूसी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन से भी मिलेंगे। श्रम कानूनों में बदलाव और केंद्र के निजीकरण के फैसले के विरोध में ट्रेड यूनियनों की दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल (भारत बंद) का आज दूसरा दिन है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को श्री श्री हरिचंद ठाकुर की 211 वीं जयंती के अवसर पर पश्चिम बंगाल के ठाकुरबाड़ी के श्रीधाम ठाकुरनगर में आयोजित 'मतुआ धर्म महा मेला 2022' को संबोधित करेंगे।
-
03:22 PM, 2022-03-29T15:22:58
समाज का एक बड़ा वर्ग इसका समाधान चाहता है- मुख्यमंत्री कोनराड
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने कहा कि सीमा विवाद के मुद्दें पिछले 50 वर्षों से हैं। हम इस साल अपने राज्य की स्वर्ण जयंती मना रहे हैं और 50 साल बाद भी यह मुद्दा बना हुआ है। इसलिए समाज का एक बड़ा वर्ग इसका समाधान चाहता है।
-
02:52 PM, 2022-03-29T15:22:58
अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी पर बोला हमला
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता जी कभी कहती हैं कि सभी को भाजपा के खिलाफ एकजुट हो जाना चाहिए, कभी भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ तो कभी वह कहती हैं कि कांग्रेस को खत्म कर देना चाहिए। उनके बयान दिन-रात बदलते हैं, उन पर भरोसा करना या न करना उदासीन है।
-
02:32 PM, 2022-03-29T15:22:58
राष्ट्रपति चुनाव पर सीएम नवीन पटनायक ने दी प्रतिक्रिया
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राष्ट्रपति चुनाव पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव होने में अभी कुछ समय है इसलिए इस पर अभी कुछ विचार नहीं हुआ है।
-
01:49 PM, 2022-03-29T15:22:58
सीएम योगी से मिले विश्व बैंक के प्रमुख कृषि विशेषज्ञ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में विश्व बैंक के प्रमुख कृषि विशेषज्ञ एंड्रयू गुडलैंड से मुलाकात की।
-
01:45 PM, 2022-03-29T15:22:58
केशव प्रसाद मौर्य ने उपमुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला
केशव प्रसाद मौर्य ने उपमुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा विभाग के सभी अधिकारियों के साथ बैठकर योजना बनाएंगे जो योजना जिसके लिए बनी है, उसे उस तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।
-
01:43 PM, 2022-03-29T15:22:58
युवा कांग्रेस ने किया विरोध-प्रदर्शन
दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।
-
01:36 PM, 2022-03-29T15:22:58
गाजीपुर लैंडफिल साइट से निकल रहा धुआं
दिल्ली के गाजीपुर लैंडफिल साइट के ऊपर घना धुआं उठता दिखाई दे रहा है। लैंडफिल साइट के पास कार मैकेनिक का काम करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि कल हालात बहुत खराब थे, सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था। हालात अब थोड़े ठीक हैं लेकिन घुटन अभी भी है।
-
01:28 PM, 2022-03-29T15:22:58
पीएम मोदी से मिले असम के सीएम
दिल्ली में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।
-
01:18 PM, 2022-03-29T15:22:58
यूक्रेन का दावा- रूस के 17,200 सैनिक मारे गए
यूक्रेन के सशस्त्र बलों के अनुसार, 29 मार्च तक रूस को युद्ध में भारी नुकसान हुआ है। यूक्रेन का दावा है कि रूस के अब तक 17,200 सैनिक मारे गए हैं।
-
01:06 PM, 2022-03-29T15:22:58
कार्यक्रम में बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक ईमानदार सरकार के प्रयास, एक सशक्त गरीब के प्रयास जब साथ मिलते हैं तो गरीबी परास्त होती है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गांवों में बने ये सवा पांच लाख घर, सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है। ये सवा पांच लाख घर, देश में सशक्त होते गरीब का पहचान हैं। ये सवा 5 लाख घर बीजेपी सरकार की सेवा भाव की मिसाल है, ये गांव के गरीब महिलाओं को लखपति बनने के अभियान के प्रतिबिंब है।
-
12:53 PM, 2022-03-29T15:22:58
संसद पहुंचे मुख्यमंत्री नवीन पटनायक
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक दिल्ली में संसद भवन पहुंचे।
-
12:50 PM, 2022-03-29T15:22:58
रूस ने किया मिसाइलों से हमला
रूस ने ओब्लास्ट में निकोपोल के पास मिसाइलों से हमला किया है। शहर के अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है।
-
12:49 PM, 2022-03-29T15:22:58
रूस-यूक्रेन में होगी वार्ता
यूक्रेन-रूस के बीच वार्ता स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे इस्तांबुल के डोलमाबाहस पैलेस में शुरू होगी। यह दो सप्ताह से अधिक समय में पहली व्यक्तिगत बातचीत होगी। इस वार्ता से पहले यूक्रेन ने कहा कि उसका सबसे महत्वाकांक्षी उद्देश्य युद्धविराम सुनिश्चित करना है।
-
12:43 PM, 2022-03-29T15:22:58
पीएम मोदी ने दी सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 5.21 लाख लाभार्थियों के गृहप्रवेशम की पट्टिका का अनावरण किया।
-
12:36 PM, 2022-03-29T15:22:58
लाभार्थियों को सौगात देंगे पीएम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 5.21 लाख लाभार्थियों के गृहप्रवेश कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी हिस्सा ले रहे हैं।
-
12:34 PM, 2022-03-29T15:22:58
टाइगर रिजर्व में लगी आग
राजस्थान के अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व में आग लग गई। भारतीय वायुसेना के हेलिकाप्टर की मदद से टाइगर रिजर्व में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। अलवर की एडीएम दो चापर मंगवाए गए हैं। जहां सबसे ज्यादा आग फैली है या फिर जहां पर वन्यजीवों को ज्यादा खतरा है। आग ग्रामीण क्षेत्र में न बढ़े इसके लिए पहले उन जगहों पर पानी डाला जा रहा है। आग का क्षेत्र काफी विस्तृत हो गया है।
-
12:30 PM, 2022-03-29T15:22:58
जेपी नड्डा से मिलीं पूर्व सीएम वसुंधरा राजे
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राजे ने आज संसद में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।
-
12:28 PM, 2022-03-29T15:22:58
केरल पुलिस के सामने पेश हुए आरोपी अभिनेता
मलयालम अभिनेत्री से छेड़छाड़ मामले में आरोपी अभिनेता दिलीप केरल पुलिस की क्राइम ब्रांच के सामने लगातार दूसरे दिन पूछताछ के लिए पेश हुए।
-
12:14 PM, 2022-03-29T15:22:58
पुद्म पुरस्कारों से सम्मानित लोगों ने दी श्रद्धांजलि
दिल्ली में पुद्म पुरस्कारों से सम्मानित हुए लोगों ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि दी।
-
12:12 PM, 2022-03-29T15:22:58
इजराइल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा स्थगित
इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट की भारत यात्रा स्थगित कर दी गई है। भारत में इजराइल दूतावास के प्रवक्ता मोहम्मद हीब ने बताया कि इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट का 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक भारत आने का कार्यक्रम था।
-
11:58 AM, 2022-03-29T15:22:58
जेपी नड्डा से मिले असम के मुख्यमंत्री
दिल्ली में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से संसद में मुलाकात की।
-
11:53 AM, 2022-03-29T15:22:58
असम और मेघालय के बीच समझौते पर हस्ताक्षर होंगे
गृह मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि आज गृह मंत्रालय में सीमा मुद्दे पर असम और मेघालय के बीच समझौते पर हस्ताक्षर होंगे।
-
11:38 AM, 2022-03-29T15:22:58
2 अप्रैल को होगा DMK के नए कार्यालय का उद्घाटन
DMK के नए कार्यालय का उद्घाटन 2 अप्रैल को दिल्ली में दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर होगा। डीएमके नेता तिरुचि शिव ने बताया कि पार्टी प्रमुख और तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। पीएम सहित सभी राजनीतिक नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा।
-
11:35 AM, 2022-03-29T15:22:58
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार हर रोज पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और अन्य चीज़ों का दाम बढ़ा रही है, इस पर हमने कल सदन में प्रश्न उठाया और हम चाहते हैं कि UPA सरकार के समय जो दाम थे ये सब उसी दाम पर मिलना चाहिए।
-
11:11 AM, 2022-03-29T15:22:58
महाराष्ट्र सरकार ने लिया बड़ा फैसला
महाराष्ट्र के गृह मंत्री दिलीप पाटिल ने बताया कि राज्य के गृह विभाग ने लाकडाउन का उल्लंघन करने पर जिन छात्रों, नागरिकों के खिलाफ आईपीसी 188 के तहत मामले दर्ज किए गए थे। उन सभी दर्ज मामलों को वापस लेने का फैसला किया है। कैबिनेट से फैसले को मंजूरी मिलते ही मामलों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
-
11:02 AM, 2022-03-29T15:22:58
बैठक के बारे में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि आज की बैठक में बीजेपी संसदीय दल ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के विस्तार के लिए पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया। पीएम और बीजेपी अध्यक्ष ने हम सभी को कहा है कि 6 से 14 अप्रैल के बीच में हम सामाजिक न्याय के लिए जगह-जगह बैठकें करें।
-
10:57 AM, 2022-03-29T15:22:58
तिरुवनंतपुरम में बंद रही दुकानें
केरल के तिरुवनंतपुरम में विभिन्न केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर दुकानें बंद रही।
-
10:54 AM, 2022-03-29T15:22:58
सीएम धामी से मिलीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने आज मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की।
-
10:33 AM, 2022-03-29T15:22:58
चेन्नई में दिखा बंद का असर
तमिलनाडु में ट्रेड यूनियनों द्वारा दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल और बंद के आह्वान के मद्देनजर प्रदर्शनकारियों ने चेन्नई में सरकारी नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
-
10:21 AM, 2022-03-29T15:22:58
भारतीय नौसेना में शामिल हुआ वायु स्क्वाड्रन 316
नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार की मौजूदगी में वायु स्क्वाड्रन (आईएनएएस) 316 को गोवा के डाबोलिम में आईएनएस हंसा में कमीशन किया गया। इस मौके पर नौसेना प्रमुख ने कहा कि आज की गतिशील और जटिल सुरक्षा स्थिति में इस स्क्वाड्रन की परिचालन क्षमता हमारे राष्ट्रीय समुद्री हितों की रक्षा, संरक्षण और बढ़ावा देने की हमारी क्षमता को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाएगी।
-
09:54 AM, 2022-03-29T15:22:58
गोवा के डाबोलिम में आईएनएस हंसा पहुंचे नौसेना प्रमुख
नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन (आईएनएएस) 316 की कमीशनिंग के लिए गोवा के डाबोलिम में आईएनएस हंसा पहुंचे।
-
09:51 AM, 2022-03-29T15:22:58
भाजपा के तीन सांसदों ने दिया विशेषाधिकार का नोटिस
भाजपा के तीन सांसदों ने टीएमसी सांसद डोला सेन द्वारा रूपा गांगुली पर टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ संसद में विशेषाधिकार नोटिस दिया है। बीरभूम की घटना पर भाजपा सांसद रूपा गांगुली को बोलने की अनुमति देने के लिए डोला सेन ने उपसभापति के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की थी।
-
09:45 AM, 2022-03-29T15:22:58
गाजीपुर लैंडफिल साइट पर दिखा धुआं
दिल्ली के गाजीपुर लैंडफिल साइट पर घना धुआं दिखाई दिया। बता दें कि साइट पर कल भीषण आग लग गई थी।
-
09:28 AM, 2022-03-29T15:22:58
भारत में धीमी पड़ी कोरोना की रफ्तार
भारत में पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 1,259 नए मामले सामने आए हैं। जबकि, 1,705 लोग डिस्चार्ज हुए और 35 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
कुल मामले: 4,30,21,982
सक्रिय मामले: 15,378
कुल रिकवरी: 4,24,85,534
कुल मौतें: 5,21,070
कुल वैक्सीनेशन: 1,83,53,90,499 -
09:25 AM, 2022-03-29T15:22:58
भारत बंद के समर्थन में कलबुर्गी में विरोध-प्रदर्शन
कर्नाटक के कलबुर्गी में ट्रेड यूनियनों द्वारा दो दिवसीय भारत बंद के आह्वान के दौरान सेंटर आफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) और अन्य वामपंथी संगठनों ने सरकारी नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
-
09:21 AM, 2022-03-29T15:22:58
संसदीय दल की बैठक में पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बीजेपी संसदीय दल की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर पहुंचे।
-
09:05 AM, 2022-03-29T15:22:58
US ने भारत के लिए कोविड-19 यात्रा नियमों में दी ढील
यूएस सेंटर फार डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने सोमवार को भारत के लिए अपनी COVID-19 यात्रा एडवाइजरी में ढील दे दी है। सीडीसी ने बताया कि उन्होंने भारत के लिए अपनी COVID-19 यात्रा को इसे लेवल 3 (हाइ रिस्क) से लेवल 1 (लो रिस्क ) में बदल दिया गया है।
-
08:48 AM, 2022-03-29T15:22:58
भारत बंद का आज दूसरा दिन
श्रम कानूनों में बदलाव और केंद्र के निजीकरण के फैसले के विरोध में ट्रेड यूनियनों की दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल (भारत बंद) का आज दूसरा दिन है। दूसरे दिन भी कई जगहों पर बंद का असर देखने को मिल रहा है।
-
08:44 AM, 2022-03-29T15:22:58
जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के झटके
नेशनल सेंटर फार सीस्मोलाजी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में अलची (लेह) के उत्तर में आज सुबह लगभग 7:29 बजे 4.3 तीव्रता का भूकंप आया।
-
08:42 AM, 2022-03-29T15:22:58
देश में फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम
दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमत आज 100.21 रुपए प्रति लीटर और 91.47 रुपए प्रति लीटर है। पेट्रोल और डीजल की कीमत में 80 और 70 पैसे की वृद्धि हुई है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल और डीजल की कीमतें प्रति लीटर 115.04 रुपए और 99.25 रुपए है। पेट्रोल और डीजल के दामों में 85 पैसे और 75 पैसे की वृद्धि हुई है। इसके अलावा चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 105.94 रुपए (76 पैसे की वृद्धि) और डीजल की कीमत 96 रुपए (67 पैसे की वृद्धि) है और कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 109.68 रुपए (83 पैसे की वृद्धि) और डीजल की कीमत 94.62 रुपए (70 पैसे की वृद्धि) हुई है।
-
08:36 AM, 2022-03-29T15:22:58
प्रधानमंत्री मोदी देंगे लाभार्थियों को सौगात
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 5.21 लाख लाभार्थियों के गृहप्रवेशम में भाग लेंगे व कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
-
08:34 AM, 2022-03-29T15:22:58
मारियुपोल में 5,000 लोग मारे गए
युद्ध के 34वें दिन भी रूस लगातार यूक्रेन को निशाना बनाना रहा है। हालांकि, मारियुपोल में 1 मार्च को रूसी नाकेबंदी शुरू होने के बाद से लगभग 5,000 लोग मारे गए हैं। जबकि, घेराबंदी शुरू होने के बाद 140,000 निवासियों ने शहर को छोड़ दिया है। इस बीच, शहर में 90 प्रतिशत ऊंची इमारतों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है।
-
08:25 AM, 2022-03-29T15:22:58
रूस के लग्जरी उत्पादों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाएगा जापान
जापान सरकार ने रूस के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। जापान सरकार ने प्रीमियम कारों और कीमती पत्थरों सहित रूस के लग्जरी सामानों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। अर्थव्यवस्था मंत्री कोइची हागिउडा ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार 5 अप्रैल से प्रीमियम कारों, कीमती पत्थरों और गहनों सहित लग्जरी उत्पादों पर निर्यात पर प्रतिबंध लगाया गया है।
-
08:12 AM, 2022-03-29T15:22:58
यूक्रेन और रूस में फिर होगी वार्ता
यूक्रेन और रूस मंगलवार को तुर्की के शहर इस्तांबुल में शांति वार्ता के अगले दौर की बातचीत होगी। बताया जा रहा है कि स्थानीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे दोनों देशों के बीच वार्ता होगी। यूक्रेनी और रूसी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन से भी मिलेंगे।
-
08:05 AM, 2022-03-29T15:22:58
पीएम मोदी करेंगे 'मतुआ धर्म महा मेला 2022' को संबोधित करेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को श्री श्री हरिचंद ठाकुर की 211 वीं जयंती के अवसर पर पश्चिम बंगाल के ठाकुरबाड़ी के श्रीधाम ठाकुरनगर में आयोजित मतुआ धर्म महा मेला 2022 को संबोधित करेंगे।