
Delhi Weather News दिल्ली-एनसीआर में तेज गर्मी पड़नी शुरू हो गई है। सोमवार से लेकर शुक्रवार तक तेज गर्मी पड़ने के संकेत हैं। तेज धूप के साथ इस दौरान गर्म हवाएं भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को परेशान करेंगीं।
नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में इजाफा होने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर में गर्मी लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार गर्मी से राहत की अभी संभावना नहीं है। सोमवार को भी दिनभर आकाश साफ रहने के साथ इस दौरान अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री रहने का अनुमान है। अगले दिन मंगलवार को 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल सकती है और अधिकतम तापमान 38 डिग्री पहुंच सकता है। अगर इसी तरह गर्मी बढ़ती रही तो मार्च महीने में 77 साल का आल टाइम गर्म का रिकार्ड टूट जाएगा। दरअसल, 31 मार्च 1945 में दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। यह मार्च का सबसे गर्म दिन था। इन दिनों जिस तरह से पारा बढ़ रहा है और रविवार को दिल्ली के नरेला इलाके में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री दर्ज किया गया, ऐसे में माना जा रहा है कि 31 मार्च तक गर्मी का 77 साल का रिकार्ड टूट जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिन में गर्म हवाओं के चलने की संभावना है। इसके साथ पूरे सप्ताह गर्म हवाएं चलने के आसार हैं, वहीं तेज धूप भी लोगों को परेशान करेगी। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का पूर्वानुमान है। वहीं, सोमवार से शुक्रवार के बीच अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इन दिनों में मौसम साफ रहेगा। बारिश या बादल की कोई संभावना नही है।
गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली के साथ एनसीआर के शहरों मे भी अभी से तेज गर्मी पड़ने लगी है। रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया। नरेला में तो अधिकतम तापमान सबसे अधिक 39.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा दिल्ली के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री रहा जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम 20.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। मौसम में अधिकतम आद्रता 68 प्रतिशत व न्यूनतम आद्रता 21 प्रतिशत रही। दिल्ली में नरेला सबसे अधिक गर्म स्थान रहा। वहां अधिकतम तापमान सबसे अधिक 39.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।