
भाजपा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरबजीत कौर बाथ ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव प्रचार में आम आदमी पार्टी (आप) नेता दावा कर रहे थे कि दिल्ली के किसान बहुत खुशहाल हैं।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। किसानों की मांगों को लेकर भाजपा किसान मोर्चा ने आंदोलन तेज करने की घोषणा की है। मोर्चा के कार्यकर्ता पिछले 23 दिनों से मुख्यमंत्री आवास के नजदीक धरना दे रहे हैं। उनका कहना है कि किसानों की मांगों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है, इसलिए सात मार्च को मुख्यमंत्री आवास के बाहर ढोल-नगाड़ों के साथ प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, सांसद व विधायक भी इसमें शामिल होंगे।
सरबजीत कौर बाथ ने किसानों को लेकर आप सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
भाजपा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरबजीत कौर बाथ ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव प्रचार में आम आदमी पार्टी (आप) नेता दावा कर रहे थे कि दिल्ली के किसान बहुत खुशहाल हैं, लेकिन यहां स्थिति इसके विपरीत है। यहां किसानों को किसान का दर्जा भी नहीं दिया गया है। उन्हें अन्य राज्यों के किसानों की तरह सुविधाएं नहीं मिलती है।
किसानों को नहीं मिल रही कृषि संबंधि उपकरण खरीदने पर सब्सिडी
ट्रैक्टर, खाद एवं कृषि संबंधि उपकरण खरीदने में उन्हें कोई सब्सिडी नहीं मिलती है। सिंचाई के लिए व्यवसायिक दर पर बिजली बिल देना होता है। किसान अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं, लेकिन सरकार उनसे बात करने को तैयार नहीं है।
शुक्रवार से किसान ट्रैक्टर लेकर पहुंचेंंगे धरना स्थल
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विनोद सहरावत ने कहा कि शुक्रवार से किसान ट्रैक्टर लेकर धरना स्थल पर पहुंचेंगे। रोज ट्रैक्टर से मुख्यमंत्री आवास के बाहर तक किसान मार्च करेंगे। धरने में प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल, मोर्चे के महामंत्री राजपाल राणा व अनूप चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी व किसान मौजूद थे।