
पीड़िता अपने परिवार के साथ सीमापुरी इलाके में रहती है। बृहस्पतिवार की देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि गाजीपुर मंडी के पास एक महिला काफी जख्मी हालत में सड़क पर पड़ी हुई है पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में भर्ती कराया।
नई दिल्ली, संवाददाता। महिलाओं के लिए सुरक्षित कही जाने वाली राजधानी के गाजीपुर इलाके में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। वारदात के वक्त पीड़िता आटो से गाजीपुर से सीमापुरी अपने घर जा रही थी। रास्ते में आटो चालक व उसके साथी ने मिलकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला को बुरी तरह से पीट दिया। इतनी ही नहीं, महिला के अंदरूनी अंग में चोट पहुंचाई। महिला को बुरी हालत में सड़क पर छोड़कर आरोपित आटो समेत मौके से फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को गंभीर हालत में एलबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार पीड़िता अपने परिवार के साथ सीमापुरी इलाके में रहती है। बृहस्पतिवार की देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि गाजीपुर मंडी के पास एक महिला काफी जख्मी हालत में सड़क पर पड़ी हुई है, पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह बृहस्पतिवार शाम को आटो करके अपने घर जा रही थी। गाजीपुर मंडी के पास पहुंचने पर आटो चालक ने पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर आटो रोक दिया। उसने फोन करके अपने एक साथी को बुला लिया। दोनों आरोपितों उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे बुरी तरह से पीट दिया। सूत्रों के मुताबिक अंदरूनी चोट के कारण पीड़िता का आपरेशन करना पड़ा।
- केस दर्ज कर आरोपितों को पकड़ने के लिए पांच टीमें बनाई गई हैं, पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। प्रियंका कश्यप, पुलिस उपायुक्त, पूर्वी जिला