
The Kashmir Files Box Office विवेक अग्निहोत्री की फिल्म नब्बे के दौर में घाटी में कश्मीरी पंडितों के सामूहिक पलायन की घटना को दिखाती है। फिल्म ने भावनात्मक तौर पर लोगों को काफी प्रभावित किया है जो इसकी सफलता की वजह भी बनी।
नई दिल्ली। 200 करोड़ क्लब में पहुंच चुकी
विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स हिंदी सिनेमा की सबसे सफल
फिल्मों में शामिल हो चुकी है और ट्रेड इसे ब्लॉकबस्टर का दर्जा दे चुका
है। हालांकि, राजामौली की आरआरआर की रिलीज के बाद द कश्मीर फाइल्स काफी
प्रभावित हुई है और इसकी रफ्तार धीमी हुई है। तीसरे हफ्ते में चल रही है
फिल्म का नेट कलेक्शन तीसरे मंगलवार को 3 करोड़ से भी नीचे पहुंच गया।
11 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने 29 मार्च को रिलीज के 19 दिन पूरे कर लिये और फिल्म ने 2.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसके द कश्मीर फाइल्स का 19 दिनों का नेट कलेक्शन अब 234.03 करोड़ हो चुका है। इससे पहले तीसरे सोमवार को फिल्म ने 3.10 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। आरआरआर की रिलीज के बाद अगर द कश्मीर फाइल्स के कलेक्शंस पर गौर करें तो तस्वीर कुछ इस तरह बनती है।
- 25 मार्च (शुक्रवार) को आरआरआर रिलीज हुई और 20 करोड़ के आस-पास ओपनिंग ली, जबकि द कश्मीर फाइल्स का यह तीसरा शुक्रवार था और कलेक्शंस रहे 4.50 करोड़।
- 26 मार्च को द कश्मीर फाइल्स के कलेक्शंस में उछाल आया और 7.60 करोड़ जमा किये। वहीं, आरआरआर ने 24 करोड़ का कलेक्शन किया।
- 27 मार्च को द कश्मीर फाइल्स के आंकड़े फिर बढ़े और कलेक्शन रहा 8.75 करोड़, जबकि आरआरआर के कलेक्शंस पहुंचे 31.50 करोड़ पर।
द कश्मीर फाइल्स ने अब तक जिस तरह चौंकाया है, उस ट्रेंड को देखते हुए द कश्मीर फाइल्स के बॉक्स ऑफिस कलेक्शंस से उम्मीद बाकी है कि आने वाले दिनों में कलेक्शंस 250 करोड़ तक पहुंच सकते हैं। द कश्मीर फाइल्स के सामने आरआरआर से पहले अक्षय कुमार की फिल्म बच्चन पांडेय की चुनौती भी आयी थी, जो 18 मार्च को सिनेमाघरों में उतरी थी, मगर दर्शकों ने बच्चन पांडेय के मुकाबले द कश्मीर फाइल्स को तरजीह दी। बच्चन पांडेय ने 50 करोड़ के आसपास कलेक्शन किया है।