
Delhi By-Poll Election 2022 भारतीय जनता पार्टी ने स्थापना दिवस पर राजेंद्रनगर विधानसभा सीट से शोभायात्रा निकालकर यह संदेश देने की कोशिश की है वह उपचुनाव के लिए तैयार है। इस सीट से राघव चड्डा ने इस्तीफा दिया है।
नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क। दिल्ली की राजेंद्र
नगर विधानसभा सीट से इस्तीफा देकर राघव चड्ढा राज्यसभा पहुंच गए हैं, वहीं
भारतीय जनता पार्टी ने यह सीट आम आदमी पार्टी से छीनने की तैयारी में अभी
से जुट गई है। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसी सीट से कार्यक्रम की शुरुआत कर AAP
मुखिया अरविंद केजरीवाल को भी चुनौती दे डाली है कि बचा सको तो सीट बचा लो।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी राजेंद्र नगर सीट के लिए आगामी 6 महीने के भीतर
होने वाले उप चुनाव को लेकर अभी से तैयार है। अगर भाजपा ने यह सीट AAP से
छीन ली तो इसका मैसेज न केवल लोकसभा सभा चुनाव, बल्कि नगर निगम चुनाव और
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए के बड़ा संदेश होगा।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा के स्थापना दिवस पर राजेंद्र नगर में कहा कि परिवारवादी पार्टियां प्रजातंत्र के लिए खतरा हैं। उनका जवाब सिर्फ भाजपा जैसी विचारधारा वाली पार्टी दे सकती है। अन्य दलों के लिए राजनीति स्वार्थ है, लेकिन भाजपा के लिए यह राष्ट्रनीति है। वह भाजपा के स्थापना दिवस पर राजेंद्र नगर नगर में निकाली गई शोभायात्रा के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियों की कोई विचारधारा नहीं है। वहीं, भाजपा राष्ट्रवाद से ओतप्रोत है। इसकी विचारधारा एक देश, एक विधान और एक निशान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और गृहमंत्री अमित शाह की सूझबूझ से हम इसमें सफल हुए हैं और जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों की पार्टी है। नरेन्द्र मोदी सरकार गरीबों के हित में काम कर रही है। जनकल्याण की कई योजनाएं शुरू की गई हैं। कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने तप कर भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाया है। यह 42 साल लंबी यात्रा रही। एक समय था संसद में दो सांसद थे। दूसरे दल हम दो हमारे दो कहकर मजाक उड़ाते थे। आज भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार है। राज्यसभा में एक सौ सदस्यों वाली पार्टी बन गई है। यहां तक पहुंचने में कई कार्यकर्ताओं ने अपना बलिदान दिया है। इन सभी को नमन करने का दिन है। स्थापना दिवस पर देश में 15 हजार मंडलों में कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा निकाली है। आठ लाख बूथों पर कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुना है।
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली के प्रभारी बैजयंत जय पांडा, केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी सहित अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे। शोभायात्रा में कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों के साथ शामिल थे। पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। स्थापना दिवस पर प्रदेश कार्यालय में अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पार्टी का झंडा फहराया। उसके बाद शोभाय़ात्रा निकाली गई। अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा दिल्ली के कार्यकर्ताओं ने रक्तदान शिविर लगाया।