महंगाई के विरोध में सड़काें पर उतरे कांग्रेसी, केंद्र सरकार के खिलाफ दिया धरना

 

बठिंडा जिला कांग्रेस शहरी ने केंद्र सरकार के खिलाफ धरना दिया। (जागरण)

Protest In Bhatinda देश में बढ़ रही महंगाई ने आमजन काे परेशान कर रखा है। हालात यह है कि अब हर वस्तु के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। बठिंडा जिला कांग्रेस शहरी ने केंद्र सरकार के खिलाफ धरना देकर नारेबाजी की।

 संवाददाता, बठिंडा। Protest In Bhatinda: दिन प्रतिदिन बढ़ रही महंगाई को लेकर जिला कांग्रेस शहरी ने केंद्र सरकार के खिलाफ धरना दिया। जिला कांग्रेस शहरी अध्यक्ष अरुण वधावन की अगुआई में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता फायर ब्रिगेड चौक पर एकत्र हुए व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वहां धरना दिया।वधावन ने कहा कि महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है। केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों में रोजाना बढ़ोतरी की जा रही है, जिससे हर वस्तु के दाम आसमान छू रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कारपोरेट घरानों द्वारा चलाई जा रही है, जो उन्हें लाभ पहुंचाने के लिए तेल व एलपीजी की कीमतें लगातार बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि वास्तव में भाजपा का नाम बदलकर भारती लोटू पार्टी कर देना चाहिए, क्योंकि वह लगातार लोगों को लूट रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब तक राज्य में चुनाव थे तो किसी भी प्रकार की कीमत को नहीं बढ़ाया गया। लेकिन अब चुनाव खत्म होते ही हर एक चीज के दाम में बढ़ोतरी होना शुरू हो गया है। उनके द्वारा इसके खिलाफ संघर्ष किया जाएगा। जिला योजना बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजन गर्ग ने कहा कि महंगाई इतनी बढ़ गई है कि आम आदमी के लिए खाने-पीने की चीजें भी खरीदना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल व डीजल की कीमतों में पहले की तरह लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों का दावा कर रही भाजपा केंद्र सरकार के तहत लोगों के सबसे बुरे दिन चल रहे हैं।

एलपीजी सिलेंडर महंगा होने के बाद बढ़ी परेशानी

इस दौरान नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेहयर अशोक कुमार, नगर सुधार ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन केके अग्रवाल, वरिष्ठ नेता पवन मानी ने कहा कि दिहाड़ी मजदूरों के घरों में पहले से ही चूल्हे जल रहे थे। लेकिन अब एलपीजी सिलेंडर महंगा होने के बाद उनकी हालत बहुत खराब हो गई है। इस मौके पर बलजिंदर ठेकेदार, पंजाब कांग्रेस महासचिव किरणजीत सिंह गेहरी, पार्षद हरविंदर लड्डू, बलराज सिंह पक्का, संदीप गोयल, टहल सिंह बुटर, कृष्ण जैन, नगर निगम के पूर्व मेयर बलवंत राय नाथ, मार्केट कमेटी के चेयरमैन मोहन लाल झुंबा आदि मौजूद थे।