
IPL 2022 RR vs MI Jos Buttler century राजस्थान रायल्स के ओपनर बल्लेबाज जोस बटलर ने आइपीएल 2022 का पहला शतक लगाया। उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की और ये उनके आइपीएल करियर का दूसरा शतक रहा।
नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। राजस्थान रायल्स के ओपनर बल्लेबाज जोस बटलर का तूफान मुंबई इंडियंस के खिलाफ देखने को मिला और उन्होंने इस सीजन यानी आइपीएल 2022 का पहला शतक लगाया। इस मैच में राजस्थान की शुरुआत तो अच्छी नहीं रही क्योंकि उसके दो अहम बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल एक रन बनाकर तो देवदत्त पडीक्कल 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बेशक दो बल्लेबाज टीम के जल्दी-जल्दी आउट हो गए, लेकिन बटलर एक तरफ से मुंबई के गेंदबाजों की खबर लेने में मशगूल रहे और सीजन का पहला शतक लगाने में भी कामयाब रहे।
आइपीएल में बटलर ने लगाया दूसरा शतक
जोस बटलर ने आइपीएल 2022 का पहला शतक जरूर लगाया, लेकिन ये उनके आइपीएल
क्रिकेट करियर का दूसरा शतक रहा। उन्होंने साल 2021 में आइपीएल में पहला
शतक लगाया था और उस वक्त 124 रन की पारी खेली थी। वहीं मुंबई के खिलाफ बटलर
ने इस मैच में शतक लगाने में सफलता हासिल की। वो साल 2016 से आइपीएल में
खेल रहे हैं और अपने 67 मैच में उन्होंने दूसरा शतक लगा दिया। इस मैच में
उन्होंने 66 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और इस दौरान 5 छक्के व 11 चौके
लगाए। इस शतकीय पारी के दौरान बटलर का स्ट्राइक रेट 151.52 का रहा। बटलर ने
मुंबई के खिलाफ आइपीएल में अपना पहला शतक लगाया जबकि इस लीग में मुंबई के
खिलाफ वो शतक लगाने वाले सातवें बल्लेबाज रहे।
जोस बटलर ने कर ली सचिन तेंदुलकर की बराबरी
बटलर ने मुंबई के खिलाफ 66 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और आइपीएल में स्लो शतक लगाने के मामले में सचिन और वार्नर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए। आइपीएल में सबसे स्लो शतक लगाने का रिकार्ड मनीष पांडे के नाम पर दर्ज है।
IPL में स्लो शतक लगाने वाले टाप 5 बल्लेबाज (Slowest hundreds in IPL)-
67 गेंद - मनीष पांडे v DEC, 2009
66 गेंद - जोस बटलर v MI, 2022
66 गेंद - सचिन तेंदुलकर v KTK, 2011
66 गेंद - डेविड वार्नर v KKR, 2010
64 गेंद - केविन पीटरसन v DEC, 2012