किराए पर घर लेकर चलाया जा रहा था अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का धंधा, 40 करोड़ से अधिक की हेरोइन बरामद

 

एक नाइजीरियाई नागरिक समेत दो ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, 6.2 किलो हेरोइन बरामद।

तस्करों के कब्जे से 6.2 किलो हेरोइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 40 करोड़ से अधिक होने का दावा किया गया है। यह सिंडिकेट पंजाब व दिल्ली में ड्रग्स आपूर्ति करने का काम कर रहा था।

नई दिल्ली,  संवाददाता। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक नाइजीरियाई नागरिक है जिसे गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। दोनों जनकपुरी में किराए पर घर लेकर वहां से ड्रग्स तस्करी का धंधा चला रहे थे, लेकिन स्थानीय थाना पुलिस इन्हें नहीं पकड़ पाई। तस्करों के कब्जे से 6.2 किलो हेरोइन बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 40 करोड़ से अधिक होने का दावा किया गया है। यह सिंडिकेट पंजाब व दिल्ली में ड्रग्स आपूर्ति करने का काम तो कर ही रहा था साथ ही कोरियर के माध्यम से अन्य देशों में भी ड्रग्स की आपूर्ति कर रहा था।

डीसीपी जसमीत सिंह के मुताबिक गिरफ्तार किए तस्करों के नाम राकेश कुमार उर्फ रॉकी व ओबुमुनेमे नवाचुकु है। राकेश कुमार जनकपुरी का रहने वाला है। ओबुमुनेमे मूलरूप से नाइजीरिया का रहने वाला है यहां पश्चिमी दिल्ली में वह भी जनकपुरी में किराए पर घर लेकर रहता था। नाइजीरियाई नागरिक को 2012 में एनसीबी के एक केस में 20 साल कारावास व दो लाख जुर्माने की सजा मिल चुकी है। फरवरी 2020 में दिल्ली हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया। जेल से बाहर आने के तुरंत बाद उसने फिर से नशीली दवाओं की आपूर्ति शुरू कर दी।

एसीपी अतर सिंह व इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह की टीम ने 16 मई को दोनों को जनकपुरी से गिरफ्तार किया। नाइजीरियाई के घर से हेरोइन के अलावा पैकिंग में प्रयुक्त अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। दोनों को उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वे पंजाब के लुधियाना में किसी को ड्रग्स आपूर्ति करने जा रहे थे। पूछताछ में राकेश ने ओबुमुनेमे अपने साथी नाइजीरियाई नागरिकों से ड्रग्स की खेप प्राप्त करता था जो उसी क्षेत्र में रहते थे।

वह ओबुमुनेमे के निर्देश पर पंजाब में हेरोइन की सप्लाई करता था। गिरफ्तारी के दौरान नाइजीरियाई ने पुलिस से बचने के लिए शौचालय में काफी सारा नशीला पदार्थ फ्लश मारकर नष्ट कर दिया। उसके कमरे से पार्सल तैयार करने के लिए उपयोग की जाने वाली अन्य वस्तुएं भी बरामद की गईं। उसके घर से पासपोर्ट या यात्रा करने संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। ओबुमुनेमे ने बताया कि वह 2009 में पर्यटक वीजा पर भारत आया था, लेकिन वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद वह अपने देश नहीं लौटा और तब से वह अवैध रूप से दिल्ली में रह रहा है।