
आरेंज काउंटी शेरिफ के विभाग ने बताया कि लगुना वुड्स शहर के जेनेवा प्रेस्बिटेरियन चर्च में रविवार दोपहर 1.30 बजे के करीब गोलीबारी की आवाज सुनी गई। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
कैलिफोर्निया, एपी। अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित एक चर्च में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से हथियार बरामद किया है। चर्च के एक प्रशासनिक निकाय प्रेस्बिटरी आफ लास रैंचोस के अनुसार, हमले के वक्त चर्च में जेनेवा में सेवाएं देने वाले ताइवानी कांग्रेगैशन के एक पूर्व पादरी के सम्मान में प्रीतिभोज चल रहा था।फायरिंग के बाद मची थी भगदड़
आरेंज काउंटी शेरिफ के विभाग ने बताया कि लगुना वुड्स शहर के जेनेवा प्रेस्बिटेरियन चर्च में रविवार दोपहर 1.30 बजे के करीब गोलीबारी की आवाज सुनी गई। इसके बाद वहां भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। गोली लगने से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। गोलीबारी के शिकार सभी लोग बुजुर्ग हैं। अधिकारियों के मुताबिक पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हथियार भी बरामद हुआ है।
पीड़ित परिवारों को मिलेगी हरसंभव मदद
शेरिफ के प्रवक्ता कैरी ब्राउन ने बताया कि वारदात के वक्त चर्च में 30 लोग मौजूद थे। इनमें अधिकतर ताइवानी मूल के नागरिक थे। ब्राउन ने कहा कि मामले की व्यापक जांच की जा रही है। उनका मानना है कि आरोपित ने नफरत के चलते वारदात को अंजाम दिया होगा। अमेरिकी अधिकारियों ने पीड़ितों के परिवार को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया है।
शनिवार को फायरिंग में मारे गए थे दस लोग
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही न्यूयार्क के बफेलो के एक सुपर मार्केट में हुई गोलीबारी में 10 लोग मारे गए थे। मार्केट में सिरफिरे ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी और 3 लोग घायल हो गए थे। अमेरिका में इससे पहले भी इस तरह की फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी है।