
Delhi Water Supply वजीराबाद में यमुना का जल स्तर पांच फीट कम हो गया जिस कारण पेयजल की आपूर्ति घट गई है। यमुना में जल स्तर 670.40 फीट से भी घटकर 669.40 फीट हो गया है। हरियाणा ने अतिरिक्त पानी नहीं छोड़े जाने से पानी की सप्लाई पर असर पड़ेगा।
नई दिल्लीA.k.Aggarwal । वजीराबाद में यमुना का जलस्तर सोमवार को भी एक फीट कम हो गया। इस वजह से वजीराबाद में यमुना के जल स्तर में कोई सुधार होता नहीं दिख रहा है। स्थिति यह है कि पांच दिन में जल स्तर पांच फीट कम हो चुका है। इस वजह से जल बोर्ड के तीन जल शोधन संयंत्रों (वजीराबाद, चंद्रावल व ओखला) से पानी आपूर्ति प्रभावित हुई है। पेयजल की दिक्कत होने पर लोग जल बोर्ड के काल सेंटर में 1916 नंबर पर फोन करके पानी का टैंकर मंगा सकते हैं।
जल बोर्ड का कहना है कि हरियाणा से यमुना में कम पानी छोड़ा जा रहा है। इस वजह से वजीराबाद में यमुना का जल स्तर घट रहा है। इस वजह से दिल्ली उत्तरी, उत्तरी पश्चिमी दिल्ली, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी), मध्य दिल्ली व दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है।
जल बोर्ड के अनुसार वजीराबाद के पास यमुना का जल स्तर 674.50 फुट होना चाहिए। 12 मई को वजीराबाद में जल स्तर घटकर 671.80 फीट पर आ गया था। इसके मद्देनजर जल बोर्ड ने हरियाणा के सिंचाई विभाग को पत्र लिखकर 150 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने की मांग की।
हरियाणा से यह अतिरिक्त पानी नहीं छोड़े जाने के कारण 14 मई को जल स्तर घटकर 670.40 फीट और फिर 16 मई को जल स्तर घटकर 669.40 फीट हो गया। जल बोर्ड वजीराबाद व चंद्रावल जल शोधन संयंत्र के लिए 80 प्रतिशत पानी सीधे यमुना से उठाता है और 20 प्रतिशत पानी मूनक नहर के जरिए पहुंचता है।
ओखला जल शोधन संयंत्र में भी वजीराबाद व चंद्रावल स्थित संयंत्र से ही पानी पहुंचता है। इन दिनों संयंत्रों से जल शोधन कम होने से पेयजल आपूर्ति करीब 46 एमजीडी कम हो गई है।
पिछले दिनों जल बोर्ड 990 एमजीडी पानी आपूर्ति कर रहा था। जिसमें भूजल का पानी भी शामिल है। जल बोर्ड के अनुसार अभी पानी आपूर्ति घटकर 944 एमजीडी हो गई है।
इन जगहों पर पेयजल की आपूर्ति प्रभावित रहेगी
इस वजह से सिविल लाइन, हिंदू राव अस्पताल, शक्ति नगर, कमला नगर, करोल बाग, पहाड़गंज, ओल्ड राजेंद्र नगर, न्यू राजेंद्र नगर, पटेल नगर, इंद्रपुरी, कालकाजी, गोविंदपुर, तुगलकाबाद, अंबेडकर नगर, दिल्ली गेट, सुभाष पार्क, माडल टाउन, पंजाबी बाग, ग्रेटर कैलाश, मूलचंद, साउथ एक्सटेंशन व दिल्ली छावनी सहित कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति जल स्तर सामान्य होने तक प्रभावित रहेगी।