भारतीय हज यात्रियों का पहला जत्था कोच्चि हवाई अड्डे से सऊदी अरब के लिए रवाना, 377 यात्री हैं सवार

 

भारतीय हज यात्रियों का पहला जत्था कोच्चि से सऊदी अरब के लिए रवाना (फोटो- एएनआइ)

भारतीय हज यात्रियों का पहला जत्था शनिवार को केरल के कोच्चि हवाई हड्डे से सऊदी अरब के मदीना के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे में कुल 377 यात्री सवार हैं। केरल के वक्फ और हज यात्रा मंत्री ने झंडी दिखाकर फ्लाइट को रवाना किया।

कोच्चि,एएनआइ। हज यात्रा 2022 (Hajj Pilgrimage 2022) के लिए तीर्थयात्रियों के साथ पहली फ्लाइट शनिवार को केरल के कोच्चि हवाई अड्डे से सऊदी अरब के मदीना के लिए रवाना हुई। सऊदी अरब एयरलाइंस (Saudi Arabian Airlines) की एसवी 5747 फ्लाइट में 377 यात्रियों ने उड़ान भरी। इसे केरल के वक्फ और हज यात्रा मंत्री वी अब्दुर्रहमान ने झंडी दिखाकर रवाना किया। केरल के बंदरगाह, संग्रहालय, पुरातत्व और अभिलेखागार मंत्री अहमद देवरकोविल, केंद्रीय हज समिति के अध्यक्ष एपी अब्दुलकुट्टी और राज्य हज समिति के अध्यक्ष सी मुहम्मद फैसी भी यहां मौजूद थे।

तीन जुलाई को मुंबई से उड़ान भरेगा अंतिम विमान

केंद्रीय हज समिति के अध्यक्ष एपी अब्दुल्लाकुट्टी ने बताया, 'आज भारतीय हज यात्रियों का पहला जत्था कोच्चि हवाई अड्डे से सऊदी अरब के लिए रवाना हुआ। हमारे कार्यक्रम के अनुसार, अंतिम विमान तीन जुलाई को मुंबई से उड़ान भरेगा। मैं आप सभी से अनुरोध करता हूं, हमें आपकी प्रार्थना और आशीर्वाद की आवश्यकता है। हमें पूरा विश्वास है कि हम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मक्का और मदीना में सभी रस्में सफलतापूर्वक करेंगे।'

हज यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी

इस बीच, केरल के वक्फ और हज यात्रा मंत्री वी अब्दुर्रहमान ने कहा कि हज यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा, 'सभी व्यवस्थाएं पूरी हो गई हैं। आज हज के लिए 377 लोगों ने पहली फ्लाइट से अपनी यात्रा शुरू कर दी है। वे दो दिन पहले शिविर में पहुंचे थे। उनके सभी परीक्षण समाप्त हो गए हैं। अब फ्लाइट चली गई है। वर्तमान में कोई समस्या नहीं है।'

केंद्र और राज्य सरकार को दिया धन्यवाद

राज्य हज समिति के अध्यक्ष सी मुहम्मद फैसी ने इस संबंध में सभी प्रयासों के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, 'भारत से पहली हज फ्लाइट अभी-अभी रवाना हुई है। मैं इस संबंध में सभी प्रयासों के लिए केंद्र और राज्य सरकार और केंद्रीय हज समिति को धन्यवाद देना चाहता हूं। तीर्थयात्री अगली 20 फ्लाइट में 14 दिनों में मदीना के लिए रवाना होंगे।

हमने कम समय में सभी तैयारियां पूरी की

केरल के बंदरगाह, संग्रहालय, पुरातत्व और अभिलेखागार मंत्री अहमद देवरकोविल ने कहा, 'यह बहुत खुशी की बात है। मुझे बहुत खुशी है कि भारत से पहली हज फ्लाइट कोच्चि से रवाना हुई। केंद्र और राज्य हज समितियों के कुशल कार्य के परिणामस्वरूप, हमने कम समय में सभी तैयारियां कीं।

20 फ्लाइट कोच्चि से मदीना के लिए होंगी रवाना

बता दें, 4 जून से 16 जून तक 7,724 यात्रियों को लेकर कुल 20 उड़ानें कोच्चि से मदीना के लिए रवाना होंगी। इनमें से 5,758 तीर्थयात्री केरल से और 1966 तीर्थयात्री तमिलनाडु, पांडिचेरी, लक्षद्वीप और अंडमान से हैं।