
दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में गर्मी के साथ लू का भी असर है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी कुछ इलाकों में गर्म हवाओं के चलने के आसार हैं। वहीं एक-दो दिन बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहने पर लू चलने की संभावना भी नहीं ही रहेगी।
नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क। दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में गर्मी लोगों को एक बार फिर परेशान करने लगी है। दरअसल, मौसम उतार-चढ़ाव के बीच शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज धूप के साथ गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया।
इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार के लिए राजधानी दिल्ली और एनसीआर के शहरों में अलग-अलग स्थानों पर लू की चेतावनी देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को दिनभर आसमान दिन भर साफ रहेगा।
इस दौरान अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 44 एवं 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि एक दो दिन बाद तापमान फिर से नीचे गिरकर 41 से 42 डिग्री की रेंज में आ जाएगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहने पर लू चलने की संभावना भी नहीं ही रहेगी।
गौरतलब है कि तेजी से बदलते मौसम में गर्मी फिर से भीषण रूप लेने लगी है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री पार चला गया तो लू भी लौट आई। सप्ताहांत यानी शनिवार व रविवार को गर्मी और तापमान के और बढ़ने की संभावना है।
वहीं, तेज धूप के बीच दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 42.9 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 12 से 65 रहा। मुंगेशपुर (45.5 डिग्री सेल्सियस) व पीतमपुरा (45.6 डिग्री सेल्सियस) में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा। स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स और नजफगढ़ में स्वचालित मौसम स्टेशनों ने भी अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस और 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
खराब श्रेणी में दर्ज की गई दिल्ली एनसीआर की हवा
शुक्रवार को भी दिल्ली एनसीआर की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में ही दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक दिल्ली का एयर इंडेक्स 240 रहा। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 275, गाजियाबाद का 285, ग्रेटर नोएडा का 278, गुरुग्राम का 278 व नोएडा का 293 दर्ज किया गया।