
Khiru Mahto Jharkhand जदयू ने बिहार के खीरु महतो को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया था। वह बिहार से राज्यसभा सदस्य चुने गए हैं। शनिवार को जदयू कार्यकर्ताओं ने खीरु महतो का जोरदार स्वागत किया। खीरु महतो ने भी कहा कि नीतीश कुमार ने बाम कार्यकर्ता को बड़ा सम्मान दिया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो के बिहार से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर जदयू नेताओं ने शनिवार को रांची में उनका भव्य स्वागत किया। वहीं, विधानसभा के पुराने भवन स्थित सभागार में उनका अभिनंदन किया। पूर्व विधायक खीरु महतो जदयू के प्रदेश अध्यक्ष हैं। खीरू महतो को राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर टोटेमिक कुरमी/कुड़मी विकास मोर्चा द्वारा भी फूलमाला पहनाकर और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। उन्हें बधाई देते हुए मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष शीतल ओहदार ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार झारखंडी पुत्र खीरू महतो को राज्यसभा सदस्य बनाकर पूरे कुरमी/कुडमी समाज को सम्मान दिया है। पूरा समाज उनका आभार व्यक्त करता है। खीरू महतो ने इस अवसर पर कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता को इतना बड़ा सम्मान देने का काम किया। वे उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का ध्यान झारखंड पर भी है। यहां भी पार्टी अपने खोए जनाधार को वापस प्राप्त करेगी।