
गिरफ्तार बदमाशों को झारखंड पुलिस रंगदारी हत्या हत्या के प्रयास धमकी आपराधिक साजिश रचने आदि मामलों में पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है। डीसीपी जसमीत सिंह के मुताबिक गिरफ्तार किए गए बदमाशों के नाम राहुल कुजूर डबलू कुजूर काविश अदमान और मुनव्वर अफाक है।
नई दिल्ली, संवाददाता। रांची में वर्चस्व को लेकर गैंगवार में 30 मई को भारत भूषण नाम के बदमाश की दिनदहाड़े एक माल के सामने गोली मारकर हत्या करने में शामिल चार कुख्यात बदमाशों को झारखंड पुलिस व स्पेशल सेल की टीम ने शनिवार तड़के गाजीपुर से दबोच लिया।
गिरफ्तार बदमाशों को झारखंड पुलिस रंगदारी, हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी, आपराधिक साजिश रचने आदि मामलों में पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है। डीसीपी जसमीत सिंह के मुताबिक गिरफ्तार किए गए बदमाशों के नाम राहुल कुजूर, डबलू कुजूर, काविश अदमान और मुनव्वर अफाक है।
चारों झारखंड में अलग-अलग जगहों के रहने वाले हैं। एसीपी अतर सिंह, इंस्पेक्टर शिव कुमार व करमबीर सिंह की टीम ने रांची एसआइटी के साथ मिलकर शनिवार तड़के गाजीपुर से पकड़ा। फरवरी में भारत भूषण ने राहुल पर जानलेवा हमला किया था। हमले में राहुल के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था। उसी का बदला लेने के लिए चारों ने भारत भूषण की हत्या कर दी।
पुलिस का कहना है कि पहले भारत भूषण भी इनके साथ काम करता था। वित्तीय लेनदेन को लेकर विवाद होने पर वह अलग हो गया था। रांची में हत्या के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए चारों कोलकाता भाग गए थे। वहां से तीन जून को चारों दिल्ली आ गए थे। यहां आते ही रांची एसआइटी की सूचना पर चारों को दबोच लिया गया।
मकान में चल रहे सट्टेबाजी के अड्डे का भंडाफोड़
इधर, पूर्वी दिल्ली के न्यू मंडोली औद्योगिक क्षेत्र में एक घर में चल रहे सट्टेबाजी के अड्डे का उत्तर पूर्वी जिला एएटीएस व हर्ष विहार थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। वहां से दस लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से 82 हजार रुपये और दस मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उत्तर पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार महला ने बताया कि शुक्रवार को न्यू मंडोली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक घर में सट्टेबाजी का अड्डा संचालित होने की सूचना मिली थी। इस पर एएटीएस और क्षेत्रीय थाने की संयुक्त टीम को छापेमारी करने के लिए भेजा गया। टीम के मकान में पहुंचते ही भगदड़ मच गई, लेकिन वहां मौजूद दस लोगों को दबोच लिया गया।