
झारखंड पुलिस के साथ मिलकर स्पेशल सेल ने रांची के चारों कुख्यात को दिल्ली के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया। बदमाश राहुल पर गोली चलाने का बदला लेने के लिए गिरफ्तार बदमाशों ने पिछले दिनों रांची में माल के सामने दिनदहाड़े भारत भूषण की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
नई दिल्ली surender Aggarwal। रांची में वर्चस्व को लेकर गैंगवार में भारत भूषण नाम के बदमाश की दिनदहाड़े एक मॉल के सामने गोली मारकर बेरहमी से हत्या करने में शामिल चार कुख्यात बदमाशों को झारखंड पुलिस व स्पेशल सेल की टीम ने शनिवार तड़के गाजीपुर से दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों को झारखंड पुलिस रंगदारी, हत्या, हत्या के प्रयास, धमकी, आपराधिक साजिश रचने, मारपीट, चोट, डराने-धमकाने व शस्त्र अधिनियम आदि मामलों में पहले गिरफ्तार की चुकी है।
डीसीपी जसमीत सिंह के मुताबिक गिरफ्तार किए गए बदमाशों के नाम राहुल कुजूर, डबलू कुजूर, काविश अदमान व मुनव्वर अफाक है। चारों रांची, झारखंड के अलग-अलग जगहों के रहने वाले हैं। एसीपी अतर सिंह, इंस्पेक्टर शिव कुमार व करमबीर सिंह की टीम ने रांची एसआईटी के साथ मिलकर शनिवार तड़के गाजीपुर से चारों बदमाशों को दबोच लिया।
30 मई को रांची के सुखदेव नगर में भारत भूषण की हत्या के मामले में रांची एसआइटी इनकी तलाश कर रही थी। 30 मई को रांची के गैलेक्सी मॉल, रातू रोड के पास चारों ने दिनदहाड़े भारत भूषण की कार पर उस समय ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थी जब वह अपने ड्राइवर और अंगरक्षक के साथ कार में बैठकर बात कर रहा था। भारत भूषण को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी।
भारत भूषण को पांच गोलियां लगी थी जिससे उसने कार में ही दम तोड़ दिया था। पुलिस का कहना है कि फरवरी में भारत भूषण ने राहुल पर जानलेवा हमला किया था। हमले में राहुल के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया था। राहुल, गिरफ्तार बदमाशों के गिरोह का सदस्य था। उसी का बदला लेने के लिए चारों ने भारत भूषण की हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि पहले भारत भूषण भी इन्हीं के साथ काम करता था।
वित्तीय लेनदेन को लेकर विवाद होने पर वह अलग हो गया था। रांची में हत्या के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए चारों कोलकाता भाग गए थे वहां से तीन जून को चारों दिल्ली आ गए थे। यहां आते ही रांची एसआइटी की सूचना पर चारों को दबोच लिया गया। इनकी गिरफ्तारी से रांची में हुई हत्या का मामला सुलझ गया है।