कांग्रेस ने मनाया अपना 138वां स्थापना दिवस, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले भारत जोड़ो यात्रा देश को देगी नई दिशा

जल्द बनेगा कांग्रेस भवन, जिलाध्यक्ष ने की जमीन देने की घोषणा।

;

देश के विकास में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका 

कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि हिंदुस्तान की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन एवं देश की सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय इतिहास में देश को आजादी दिलाने से लेकर बैंकों का राष्ट्रीयकरण, पंचायती राज समेत अनगिनत महत्वपूर्ण योगदान देकर देश को सशक्त व मजबूत बनाने का काम किया।

मोदी राज में बढ़ी महंगाई कमर तोड़ने वाली

देश में केंद्र की मोदी सरकार ने महंगाई में बेहताशा वृद्धि कर कमर तोड़ने का काम किया है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कन्याकुमारी से कश्मीर तक आयोजित भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से देश में प्रेम, भाईचारा, सद्भावना का संदेश देने के साथ यह यात्रा देश की एक नई दिशा और दशा तय करेगी। कांग्रेस भवन बनाने के लिए जमीन देने की घोषणा भी की गई।

केंद्र की गलत नीतियों से त्रस्त हैं लोग

कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ देश की सर्वांगीण विकास में कांग्रेस पार्टी की उल्लेखनीय योगदान रहा है। केंद्र की गलत नीतियों एवं महंगाई-बेरोजगारी से लोग त्रस्त हैं। राहुल गांधी के नेतृत्व में आने वाले चुनाव में कांग्रेस पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।

कांग्रेस ने देश सशक्त और मजबूत करने का किया काम

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो ने कहा कि भारतीय इतिहास में देश को आजादी दिलाने से लेकर कोलियरियों एवं बैंको का राष्ट्रीयकरण, पंचायती राज समेत अनगिनत महत्वपूर्ण योगदान देकर देश को सशक्त व मजबूत बनाने का काम किया। कांग्रेस के नेतृत्व में देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों के कृतित्व व व्यक्तित्व हम सभी को प्रेरणा लेने की दरकार है।

महापुरूषों से प्रेरणा लेने की जरूरत

पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक ने कहा कि हिंदुस्तान की सबसे बड़ी एवं पुरानी पार्टी कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन एवं देश की सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज हम सभी को देश की आजादी में कांग्रेस के नेतृत्व में बलिदान देने वाले महापुरुषों के व्यक्तित्व से प्रेरणा लेने की दरकार है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने कांग्रेस की उपलब्धियों गिनाते हुए पार्टी के विचारधाराओं से चलने का संकल्प लिया।

झारखंड सरकार का काम सराहनीय

कार्यक्रम के क्रम में दूसरे पार्टी से सूर्यकांत मिश्रा के नेतृत्व में दर्जनों लोग कांग्रेस में शामिल हुए। स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी की उपलब्धि के साथ-साथ वर्तमान झारखंड सरकार के तीन वर्षों के सफल कार्यों के प्रति प्रकाश डाला गया एवं झारखंड सरकार के तीन वर्षों में कोरोना काल से वर्तमान समय तक सराहनीय कार्य किया है और आने वाले समय में निश्चित रूप से झारखंड सरकार के कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को मिलेगा।कार्यक्रम में संगठन को जिले में सबसे ज्यादा सशक्त और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।