
IPL Auction 2023 Live Updates: आईपीएल नीलामी में शामिल खिलाड़ियों में अफगानिस्तान के 15 वर्षीय अल्लाह मोहम्मद सबसे युवा खिलाड़ी हैं। वहीं, आईपीएल में तीन बार हैट्रिक ले चुके 40 वर्षीय अमित मिश्रा सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी हैं।
HighLights
नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क। IPL 2023 Auction Live कोच्ची में आईपीएल 2023 मिनी ऑक्शन की शुरुआत हो गई है। मिनी नीलामी में दस टीमों के बीच बड़े खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए होड़ देखने को मिल रही है। पंजाब किंग्स ने सैम करन को आईपीएल के इतिहास की सबसे बड़ी बोली लगाते हुए 18.50 में खरीदा। सनराइजर्स हैदराबाद ने इंग्लैंड के हैरी ब्रुक को 13.25 करोड़ में खरीदा।
मिनी ऑक्शन में 405 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जा रही है। टीमों के पास अधिकतम 87 स्लाट खाली है। बोली लगाने के लिए सनराइजर्स हैदराबाद टीम के पास सबसे ज्यादा पैसे हैं तो वहीं, सबसे कम पैसा KKR के पास है।
प्रत्येक टीम के स्क्वॉड में हो सकते हैं 18 से 25 खिलाड़ी
IPL 2023 के 16वें सीजन में कुल 10 टीमें अपने स्क्वॉड में 18 से 25 प्लेयर्स रख सकती हैं। जिनमें 8 विदेशी प्लेयर हो सकते हैं। नीलामी में बड़े नामों में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन भी शामिल थे। उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। वहीं, भारत के मयंक अग्रवाल पर हैदराबाद ने बड़ी बोली लगाई। मयंक को हैदराबाद ने 8.25 करोड़ में खरीदा।
आईपीएल नीलामी में शामिल खिलाड़ियों में अफगानिस्तान के 15 वर्षीय अल्लाह मोहम्मद सबसे युवा हैं। उनका आधार मूल्य 20 लाख रुपये रखा गया है। वहीं, आइपीएल में तीन बार हैट्रिक ले चुके 40 वर्षीय अमित मिश्रा सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी हैं।
अबतक के सबसे महंगे खिलाड़ी
आईपीएल के इतिहास में कुछ खिलाड़ियों पर सबसे बड़ी बोली लगी है। इनमें साल 2021 में राजस्थान रायल्स ने क्रिस मोरिस को 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2015 में दिल्ली कैपिटल्स ने युवराज सिंह को 16 करोड़ में खरीदा था। दिनेश कार्तिक को आरसीबी ने 10.5 करोड़ रुपये में 2019 में खरीदा। वरुण चक्रवर्ती को पंजाब किंग्स 8.4 करोड़ में 2020 में, 2021 में शिमरन हेटमायर को दिल्ली कैपिटल्स ने 7.75 करोड़ रुपये में, झाय रिचर्डसन को 2021 में पंजाब किंग्स ने 14 करोड़ में खरीदा था।