अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर लगाया सेना का अपमान करने का आरोप, कहा- 'कांग्रेस पार्टी की चिंता करें'

 

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर लगाया सेना का अपमान करने का आरोप (फोटो एएनआइ)

;

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने भारत-चीन गतिरोध पर हालिया बयान के लिए की विपक्षी नेता की आलोचना की। अनुराग ने कांग्रेस पर चीन की भाषा बोलने का आरोप लगाया और उनकी विचारधारा पर सवाल उठाए।

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को भारत-चीन गतिरोध पर हालिया बयान के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग सेना पर सवाल उठाकर उनका अपमान करते हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा, राहुल गांधी को अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए।

'राहुल गांधी जैसे लोग सेना पर सवाल उठाते हैं'

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में हमारी सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट हवाई हमले किए और डोकलाम में करारा जवाब दिया। राहुल गांधी जैसे लोग सेना पर सवाल उठाते हैं और उनका अपमान करते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर चीन की भाषा बोलने का आरोप लगाया और विपक्षी पार्टी की विचारधारा पर सवाल उठाए।

राहुल गांधी ने क्या दिया था बयान?

रविवार को राहुल गांधी के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी किया गया था। इसमें सशस्त्र बलों के दिग्गजों के साथ बातचीत करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा था, चीन और पाकिस्तान एक साथ आ गए हैं। अगर कोई लड़ाई होगी तो दोनों से होगी। इससे देश का बड़ा नुकसान होगा।