भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी की सुरक्षा में होगा इजाफा, Delhi Police ने कांग्रेस ऑफिस में की बैठक

 

कांग्रेस के अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के इर्द-गिर्द दिल्ली पुलिस का एक विशेष दल चलेगा।
;

कांग्रेस के अनुसार, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के इर्द-गिर्द दिल्ली पुलिस का एक विशेष दल चलेगा। दिल्ली पुलिस राहुल गांधी के आसपास एक मजबूत घेरा बनाएगी जिसमें कोई भी अनधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं कर पाएगा।

कांग्रेस की ओर से की गई शिकायत

कांग्रेस ने गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर भारत जोड़ो यात्रा के दौरान खराब सुरक्षा व्यवस्था के बारे में बताया था। साथ ही हरियाणा पुलिस के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई थी। कांग्रेस की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने कहा कि अब राहुल गांधी के आसपास एक मजबूत रस्सी का सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। 

24 दिसंबर को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के पास बड़ी संख्या में मौजूद लोगों का हवाला देते हुए पार्टी ने हाल ही में एक वीडियो जारी किया जिसमें दिल्ली पुलिस पर सुरक्षा व्यवस्था में खामियों का आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें- Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 24 दिसंबर को पहुंचेगी दिल्ली, हफ्ते भर का होगा विश्राम

केसी वेणुगोपाल ने अमित शाह को लिखा था पत्र

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की थी। हालांकि, केंद्रीय सुरक्षा बलों और दिल्ली पुलिस दोनों ने किसी भी सुरक्षा में चूक से इनकार किया। साथ ही सुरक्षा बल की ओर से राहुल गांधी पर आरोप लगाए गए कि उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया है। 

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस नेता ने 2020 के बाद से 113 अवसरों पर सुरक्षा दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया, जिसमें मौजूदा भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली चरण शामिल हैं।