MLA अनंत ओझा ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए विधानसभा के सामने दिया धरना, बोले- शहर दो हिस्सों में

 

राजमहल विधायक अनंत ओझा ने साहिबगंज में रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने के लिए विधानसभा के मुख्यद्वार पर धरना दिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के दवाब में आज तक टेन्डर जारी नहीं हो पाया है। शहर दो भागों में बंटा हुआ है और जनता परेशान है।

साहिबगंज, संवाददाता: विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पांचवे और अंतिम दिन राजमहल विधायक अनंत ओझा ने साहिबगंज में स्वीकृत रेल ओवरब्रिज निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने के लिए विधानसभा के मुख्यद्वार पर धरना दिया। उन्होंने कहा कि साहिबगंज में पश्चिमी फाटक पर रेल ओवरब्रिज निर्माण की मंजूरी राज्य और केंद्र सरकार दे चुकी है। इसके बाद भी कुछ लोगों के दवाब में आज तक टेन्डर जारी नहीं हो पाया है। इससे साहिबगंज की जनता परेशान है। शहर दो भागों में बंटा हुआ है, इस वजह से परेशानी ज्यादा है।

विधानसभा में लगातार इस मामले को उठाने के बाद भी अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को भी पत्र लिखा गया था, लेकिन सरकार इस मामले को लेकर मौन साधे हुए है। शून्यकाल में भी विधायक ने इस मामले को उठाया था।

गौरतलब है कि, पिछले दिनों दैनिक जागरण ने भी ओवरब्रिज निर्माण में देरी होने के कारण होने वाली परेशानियों को प्रमुखता से उठाया था। पड़ताल के दौरान यह बात सामने आयी थी कि 24 घंटे में करीब 50 बार शहर का पूर्वी और पश्चिमी फाटक बंद होता है। कुल समय को जोड़ें तो सात से आठ घंटा रेलवे फाटक बंद रहता है। इस वजह से सदर अस्पताल जाने वाले मरीजों विशेषकर गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानी होती है।