
बेंगलुरू के एक प्राइवेट विश्वविद्यालय में आरोपी ने पीड़ित छात्रा पर चाकू से कई बार वार किए। इस हमले में पीड़िता गंभीर रुप से घायल हो गई। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
बेंगलुरु, एजेंसी। बेंगलुरू के एक प्राइवेट विश्वविद्यालय में 19 वर्षीय बीटेक की छात्रा को उसके ही दोस्त ने मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सोमवार को छात्रा पर चाकू से कई बार वार किए, जिसकी वजह से उसकी जान चली गई। इस हमले को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मार लिया।
अस्पताल में भर्ती है आरोपी
बता दें कि पीड़िता की पहचान लया स्मिता के रूप में हुई है। आरोपी ने पीड़िता पर चाकू से कई बार वार किए। इस हमले में पीड़िता गंभीर रुप से घायल हो गई। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया है। आरोपी को सीने में चोटें आई हैं और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। आरोपी का नाम पवन कल्याण बताया जा रहा है।
दूसरे कॉलेज में पढ़ता था आरोपी
दरअसल, घटना उस विश्वविद्यालय में हुई जहां पीड़िता पढ़ती थी, जबकि आरोपी दूसरे कॉलेज में पढ़ता था, वह बीसीए का छात्र बताया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि दोनों कोलार जिले के मुलबगल तालुक के एक गांव के रहने वाले हैं। दोनों को खून से लथपथ देख अन्य छात्रों ने कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों को इसकी सूचना दी थी।
थाने में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने कहा कि उन्हें अभी तक हत्या के पीछे के मकसद या कारण का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। वहीं, जिस कॉलेज में यह घटना हुई, वहां के छात्रों में डर का माहौल बना है।