विवाद के बाद डॉक्टर ने ऑडी कार से सुरक्षाकर्मी को घसीटा, हो सकती थी कंझावला जैसी घटना

 

 

टक्कर मारने का वीडियो मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।

साहिबाबाद के वसुंधरा सेक्टर 10 में रिश्तेदार के घर मारपीट के बाद भाग रहे मेरठ मेडिकल कालेज के डाक्टर की आडी कार की टक्कर से तीन लोग घायल हो गए। घायलों में सुरक्षा गार्ड की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामले में दो मुकदमे दर्ज हुए हैं।

गाजियाबाद, संवाददाता। वसुंधरा सेक्टर 10 में रिश्तेदार के घर मारपीट के बाद भाग रहे मेरठ मेडिकल कालेज के डाक्टर की आडी कार की टक्कर से तीन लोग घायल हो गए। घायलों में सुरक्षा गार्ड की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामले में दो मुकदमे दर्ज हुए हैं। टक्कर मारने का वीडियो मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया।

जानें पूरा मामला

वीडियो देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, वसुंधरा सेक्टर 10 में रहने वाले अक्षय कुमार सरकारी कंपनी में प्रबंधक हैं। वह रविवार को मुंबई गए हुए थे। अक्षय का अपनी पत्नी से इंदु सागर से विवाद चल रहा है। इंदु ने रविवार को अपने मायके फोन कर ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। मायके पक्ष के लोग गाड़ी लेकर आ गए। इनमें डा. धीरज भी शामिल था जो इंदु का जीजा है। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

मारपीट में इंदु के ससुर रत्नलाल घायल हो गए। उनका एक दांत भी टूट गया। मारपीट के बाद धीरज अपनी साली इंदु सहित सभी मायके पक्ष के लोगों को कार में बैठाकर भागने लगा। इस दौरान सुरक्षाकर्मी ने बैरियर लगाकर उसकी गाड़ी को रोक दी। लोगों की भीड़ जमा हो गई। सुरक्षाकर्मी सत्यम सहित कई लोग उसकी गाड़ी के आगे खड़े थे। धीरज तीन लोगों को टक्कर मारते हुए भाग गया। उसने इंदिरापुरम थाने पर लेजाकर गाड़ी रोकी। इंदु द्वारा ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी गई।

इंदु ने पुलिस को बताया कि ससुराल वाले दहेज की मांग करते हैं। वह गर्भवती है। इसके बाद भी उसका उत्पीड़न और मारपीट करते हैं। पुलिस ने इंदु की तहरीर पर पति अक्षय, ससुर रत्न लाल, सास मुकेश रानी, देवर सार्थक व अंदाज, सुमन देवी और समक्ष कुमार के खिलाफ दहेज, मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज हुआ। वहीं सुरक्षाकर्मी ने भी टक्कर मारने पर धीरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

हो सकती थी सुल्तानपुरी जैसी घटना

लोगों ने बताया कि दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में कार से घसीटकर हुई अंजली की मौत के तरीके यहां भी वारदात हो सकती थी। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि सुरक्षाकर्मी और स्कूटी सवार कार के नीचे आ गए थे। सुरक्षाकर्मी कार के नीचे कुछ दूरी तक घिसटता गया था। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई। स्कूटी सवार हर्ष मेहरा के हाथ और पैर में चोट है। एक अन्य व्यक्ति भी घायल है। इसे वीडियो को देखकर लोगों को रोंगटे खड़े हो जाते हैं।