रामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी करने वाले बिहार के मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

 

 

रामचरित मानस पर टिप्पणी करने के मामले में बिहार के शिक्षा मंत्री के खिलाफ दिल्ली में शिकायत।

Bihar Minister on Ramcharitmanas बिहार के शिक्षा मंत्री और आरजेडी विधायक चंद्रशेखर द्वारा श्रीरामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दिल्ली के एक वकील ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस में शिकायत दी है।

नई दिल्ली,  डिजिटल डेस्क। बिहार के शिक्षा मंत्री और आरजेडी विधायक चंद्रशेखर द्वारा श्रीरामचरितमानस पर विवादित टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दिल्ली के एक वकील ने गुरुवार को दिल्ली पुलिस में शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

बता दें कि आरजेडी विधायक चंद्रशेखर ने रामचरित मानस को नफरत फैलाने वाला ग्रंथ बताया था। पटना में नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में छात्रों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने रामचरित मानस को समाज को बांटने वाला ग्रंथ बताया था। समारोह के बाद जब उनसे इस संबंध में सवाल किए गए तो उन्होंने अपने शब्दों को सही ठहराया।

'इन धाराओं के तहत किया अपराध'

दिल्ली के वकील विनीत जिंदल ने अपनी शिकायत में कहा कि बिहार के शिक्षा मंत्री ने भड़काऊ, अपमानजनक और रामचरित मान (पवित्र पुस्तक) पर बयान देकर हिंदूओं की आस्था को आहत किया है। उन्होंने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 153ए और बी, 295, 298 और 505 के तहत अपराध किया है, जो बहुत गंभीर प्रकृति के हैं। विनीत ने शिकायत दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) को दी है।

बिहार के सीएम क्या बोले?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस विवाद से खुद को बचाते हुए दिखाई दिए। समाधान यात्रा के क्रम में दरभंगा पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षा मंत्री द्वारा रामचरितमानस के संबंध में दिए गए विवादित बयान के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि हमको पता नहीं है, हम पूछ लेंगे उनसे।