कड़ाके की ठंड से कंपकपा रहा उत्तर भारत, ज्यादातर हिस्सों में बनी हुई है शीतलहर व कोहरे की स्थिति

 

नई दिल्ली, पीटीआई। पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड कंपकपा रहा है। इस भीषण ठंड में लोगों का घरों से निकलना दुर्भर हो गया है। हाड़ कंपाने वाली इस ठंड से हर कोई परेशान है। साल बदल गया लेकिन ठंड का प्रकोप और भी बढ़ता जा रहा है। उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्से मंगलवार को कड़ाके की ठंड की चपेट में रहे। वहीं जम्मू-कश्मीर के अधिकांश स्थानों पारा नीचे ही लुढ़कता जा रहा है, जो जमा देने वाली ठंड का कारण बन गया है। इसके अलावा, सुबह के शुरुआती घंटों में घने कोहरे ने सड़क और रेल यातायात को प्रभावित किया।

कुछ जगहों पर कड़ाके की ठंड से मिली राहत

राजधानी दिल्ली में पारा कुछ डिग्री चढ़ गया है, जिससे दिल्लीवासियों को ठंड से कुछ राहत मिली है। अधिकारियों ने कहा कि जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछली रात के 0.9 डिग्री से अधिक रहा। उन्होंने आगे यह भी कहा कि घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में तापमान शून्य से 3.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं कुपवाड़ा में पारा 2.7 डिग्री सेल्सियस और पहलगाम में शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

jagran

मौसम विभाग के अनुसार

घाटी के सभी मौसम केंद्रों में पारा 10 डिग्री के निशान से नीचे रहा। मौसम विभाग के मुताबिक ऊंचाई वाले इलाकों में कई जगहों पर मध्यम बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा, घाटी के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम हिमपात होने की उम्मीद है। मौसम कार्यालय ने आगे कहा कि जम्मू कश्मीर के कई स्थानों पर जम्मू के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार के कई हिस्सों में भीषण ठंड और घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है।

रेल यातायात प्रभावित हुआ

उत्तर भारत के कई इलाकों में तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है। राजस्थान के चुरु में सबसे कम 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। हालांकि घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई जिससे सड़क तथा रेल यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सोमवार को 3.8 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले, आज मंगलवार को 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आपको बता दें कि इससे पहले, दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस, रविवार को 1.9 डिग्री सेल्सियस, शनिवार को 2.2 डिग्री सेल्सियस, शुक्रवार को 4 डिग्री सेल्सियस, गुरुवार को 3 डिग्री सेल्सियस और बुधवार को 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

घने कोहरे के कारण दृश्यता में दर्ज की गई गिरावट

इसके अलावा, पंजाब और हरियाणा में मंगलवार को ज्यादातर स्थानों पर कड़ाके की ठंड रही और सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं पंजाब के बठिंडा में तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसके साथ अमृतसर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 8.2 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 7.9 डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 10.4 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में छह डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।jagran

भारत मौसम विज्ञान विभाग का ताजा बुलेटिन

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 'उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों से शीत लहर की स्थिति कम हो गई है और अगले चार दिनों के दौरान उत्तर भारत में शीत लहर की स्थिति की संभावना नहीं है।' आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि जब एक पश्चिमी विक्षोभ (मध्य पूर्व से आने वाली गर्म नम हवाओं वाली एक मौसम प्रणाली) एक क्षेत्र में पहुंचता है, तो हवा की दिशा बदल जाती है। इसलिए, पहाड़ों से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं कुछ दिनों के लिए बहना बंद कर देंगी, जिससे तापमान में वृद्धि होगी।

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले तीन दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। उन्होंने कहा अगले चौबीस घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा और ठंड की स्थिति बनी रहेगी।