मेट्रो की सबसे लंबी पिंक लाइन पर 6 अगस्त को उद्घाटन के बाद कितने बजे से कर पाएंगे सफर

 


आमजन पिंक लाइन सेक्शन पर 6 अगस्त से सफर करके अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी पिंक लाइन का उद्घाटन शुक्रवार 6 अगस्त को हो जाएगा। इसका औपचारिक उद्घाटन 6 अगस्त को सुबह केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे।

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी पिंक लाइन का उद्घाटन शुक्रवार 6 अगस्त को हो जाएगा। उसके बाद त्रिलोकपुरी संजय झील - मयूर विहार पॉकेट 1 सेक्शन को आमजन के सफर के लिए खोल दिया जाएगा। इसका औपचारिक उद्घाटन 6 अगस्त को सुबह केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे। इसके बाद इस पिंक लाइन शुक्रवार को दोपहर 3 बजे यात्री सेवाओं के लिए खोल दिया जाएगा। डीएमआरसी ने अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल ट्विटर पर इसके बारे में विस्तार से जानकारी भी दी है।

पिंक लाइन होगा मेट्रो का सबसे बड़ा कारिडोर

इस नई लाइन की एक खासियत और है। ये 59 किलोमीटर की लंबी सीधी लाइन है। त्रिलोकपुरी-मयूर विहार पाकेट एक के बीच मेट्रो का परिचालन शुरू होने से पिंक लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे बड़ा कारिडोर बन जाएगा। इस लाइन के शुरू हो जाने के बाद शिव विहार से मजलिस पार्क तक सीधी मेट्रो सेवा उपलब्ध हो जाएगी। इससे यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा।

लंबे समय के बाद अब पिंक लाइन के त्रिलोकपुरी-मयूर विहार पाकेट एक व ग्रे लाइन के नजफगढ़-ढांसा बस स्टैंड कारिडोर पर मेट्रो का परिचालन शुरू करने की तारीख घोषित की गई है। मगर फिलहाल पिंक लाइन का ही उद्घाटन किया जा रहा है, ग्रे लाइन में सफर के लिए अभी लोगों को और इंतजार करना होगा।

हजारों यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

मौजूदा समय में पिंक लाइन पर मजलिस पार्क से मयूर विहार पॉकेट एक और त्रिलोकपुरी से शिव विहार के बीच मेट्रो का परिचालन किया जा रहा है। इन रूट पर मेट्रो ट्रेन के ट्रायल के बाद मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) से परिचालन के लिए मंजूरी भी मिल चुकी है। अब इसके शुरू होने से शिव विहार से मजलिस पार्क तक यात्री सफर कर पाएंगे।

नोएडा के लोगों को भी होगा लाभ

पिंक लाइन पर मजलिस पार्क से मयूर विहार पॉकेट एक और त्रिलोकपुरी से शिव विहार के बीच मेट्रो का परिचालन शुरू होने से दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के मेट्रो यात्रियों को भी फायदा होगा।

तकनीकी निरीक्षण के बाद मिली मंजूरी

23 जुलाई को मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) ने कारिडोर का तकनीकी निरीक्षण करने के बाद उसी दिन परिचालन के लिए मंजूरी दे दी थी। पिंक लाइन आनंद विहार रेलवे स्टेशन, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के अलावा साउथ एक्सटेंशन, लाजपत नगर मार्केट व आइएनए को जोड़ती है। इसलिए पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, साउथ एक्सटेशन, लाजपत नगर मार्केट व आइएनए पहुंचना आसान हो जाएगा। इसके अलावा दक्षिणी दिल्ली के इलाकों से आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचना आसान हो जाएगा।