आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने कहा- पूरी दिल्ली में भाजपा के पार्षद करवा रहे अवैध निर्माण और दे रहे लाइसेंस

 

आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी ने कहा कि दिल्ली में 13 मई को एक बहुत बड़ी त्रासदी हुई।

मुंडका अग्निकांड की जिम्मेदार भाजपा नार्थ एमसीडी गैर कानूनी तौर पर लाइसेंस देकर लालडोरा क्षेत्र में भाजपा नेता से चलवा रही थी फैक्ट्री भारतीय जनता पार्टी बताए कि कानून के मुताबिक लाल डोरा एक्सटेंशन में कमर्शियल गतिविधि संचालित नहीं हो सकती तो भाजपा नेता मनीष लाकड़ा को लाइसेंस कैसे मिला।

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि मुंडका अग्निकांड की जिम्मेदार भाजपा है। भाजपा की नार्थ एमसीडी गैर कानूनी तौर पर लाइसेंस देकर लालडोरा क्षेत्र में भाजपा नेता से फैक्ट्री चलवा रही थी। भारतीय जनता पार्टी बताए कि कानून के मुताबिक लाल डोरा एक्सटेंशन में कमर्शियल गतिविधि संचालित नहीं हो सकती तो भाजपा नेता मनीष लाकड़ा को लाइसेंस कैसे मिला?

उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली में भाजपा के पार्षद अवैध निर्माण करवा रहे हैं और अवैध लाइसेंस दे रहे हैं। भाजपा के भ्रष्टाचार से हो रहे अवैध निर्माण और अवैध लाइसेंस ने दिल्ली की जान-माल को ख़तरे में डाला है। आम आदमी पार्टी‌ मांग करती है कि लालडोरा एक्सटेंशन में भारतीय जनता पार्टी की नगर निगम ने व्यावसायिक गतिविधि करने का लाइसेंस कैसे दिया, इसकी जांच कराई जाए।

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी ने कहा कि दिल्ली में 13 मई को एक बहुत बड़ी त्रासदी हुई। मुंडका की एक बिल्डिंग में आग लगी और 27 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। 27 लोगों में से सिर्फ 8 लोगों की पहचान हो पाई है। पूरी दिल्ली और पूरा देश जानना चाहता है कि इतनी बड़ी त्रासदी के लिए कौन जिम्मेदार है। ऐसा कैसे हो जाता है कि इतना अवैध निर्माण हो जाता है और व्यावसायिक गतिविधि संचालित होती है। इसके बावजूद कोई सवाल पूछने और कार्रवाई करने नहीं आता है।

उन्होंने कहा कि मुंडका की जिस इमारत में आग लगी वह लाल डोरा की एक्सटेंशन में जमीन थी। लाल डोरा की एक्सटेंशन में कोई भी व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने की कानून के अनुसार अनुमति नहीं मिलती है। मुंडका की इस इमारत में कमर्शियल गतिविधि कैसे चल चल रही थी और किसने अनुमति दी थी। जिसकी वजह से 27 लोगों की जान चली गई। इस सवाल का जवाब हर दिल्ली वाले के पास है‌ कि वहां पर अवैध निर्माण किसने करवाया? वहां पर अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने की अनुमति किसने दी? क्योंकि पूरी दिल्ली में अवैध काम करवाने वाले भारतीय जनता पार्टी के नेता और भाजपा के पार्षद हैं।

पूरी दिल्ली में आज अवैध निर्माण होता है तो भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों के आशीर्वाद के साथ होता है। अवैध निर्माण के लिए भारतीय जनता पार्टी के नेता और भाजपा के पार्षद पैसे लेने आते हैं। अगर पूरी दिल्ली में कहीं पर अवैध व्यावसायिक गतिविधि होती है तो भारतीय जनता पार्टी के पार्षद और भाजपा का नगर निगम पैसे लेकर अनुमति देते हैं। मुंडका की इस इमारत के निर्माण में भी बिल्कुल वैसा ही हुआ है।

इस इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा को व्यावसायिक गतिविधि चलाने के लिए लाइसेंस दिया गया।‌ भारतीय जनता पार्टी से पूछना चाहती हूं कि जब कानून कहता है कि लाल डोरा एक्सटेंशन में कमर्शियल गतिविधि संचालित नहीं हो सकती तो यह लाइसेंस मनीष लाकड़ा को कैसे मिला? क्योंकि भारतीय जनता पार्टी के पास दो ही काम हैं पहला दिल्ली के लोगों से अवैध वसूली करना और दूसरा अपनी पार्टी के गुंडों-लफंगों को हर तरह से बचाना और समर्थन करना।

उन्होंने कहा कि इस इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं। भाजपा नेता साहिब सिंह वर्मा के चाचा के साथ वह कैंपेन में दिख रहे हैं। मनीष लाकड़ा ने भारतीय जनता पार्टी का पटका पहना हुआ है। यह स्पष्ट है कि गैरकानूनी तरीके से मुंडका की इस इमारत में कमर्शियल गतिविधि चलाने का लाइसेंस भारतीय जनता पार्टी ने अपने नेता को दिया। अगर आज पूरी दिल्ली में देखने जाएंगे तो इस प्रकार के अवैध लाइसेंस अपने नेताओं, गुंडों और भाजपा के पार्षदों ने अवैध वसूली करके पूरी दिल्ली में बांटे हुए हैं।

अगर दिल्ली में किसी भी इमारत में आग लग जाती है तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होगा? अगर आज दिल्ली में कोई भी इमारत गिर जाती है, क्योंकि वहां पर अवैध निर्माण हुआ तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होगा? उसके लिए सिर्फ भाजपा जिम्मेदार होगी। पिछले 15 साल से एमसीडी में भाजपा शासन कर रही है। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी हर प्रकार की अवैध गतिविधि उगाही और, जेब भरकर कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी‌ इस बात की जांच की मांग करती है कि लालडोरा एक्सटेंशन में भारतीय जनता पार्टी की नगर निगम ने व्यावसायिक गतिविधि करने का लाइसेंस कैसे दिया? भाजपा की नगर निगम ने इस प्रकार के कितने अवैध लाइसेंस दिए हुए हैं जो पूरी दिल्ली के लोगों की जान माल पर खतरा बने हुए हैं।