मध्य चीन में बाढ़ से हालात अस्त व्यस्त, 10 की मौत और तीन लापता

 

चीन में बाढ़ से 10 की मौत, तीन लापता

चीन में तूफानी बारिश से पहाड़ी क्षेत्र वाले प्रांत के करीब 18 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित लोगों में ज्यादातर ग्रामीण इलाके के हैं। 286000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 2700 से ज्यादा मकान या तो क्षतिग्रस्त हो गए हैं या ध्वस्त हो गए हैं।

बीजिंग, एपी। China flood:  चीन के विभिन्न प्रांतों में इस वक्त बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। देश के हुनान प्रांत में बारिश और बाढ़ के चलते 10 लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लापता हैं। जून के शुरू से इस प्रांत में बारिश का दौर चल रहा है। जबकि कुछ निगरानी केंद्रों ने प्रांत में रिकार्ड बारिश होने की जानकारी दी है। चीन में गर्मी के दौरान आम तौर पर मध्य और दक्षिण चीन में सबसे ज्यादा वर्षा होती है।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, तूफानी बारिश से पहाड़ी क्षेत्र वाले प्रांत के करीब 18 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित लोगों में ज्यादातर ग्रामीण इलाके के हैं। 2,86,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 2,700 से ज्यादा मकान या तो क्षतिग्रस्त हो गए हैं या ध्वस्त हो गए हैं। बता दें कि चीन में गर्मियों के दौरान आए दिन बाढ़ आती रहती है और ज्यादातर बाढ़ मध्य और दक्षिणी इलाकों में आती है, जहां अधिक बारिश होती है। चीन में हाल के वर्षों में 1998 में सबसे विनाशकारी बाढ़ आयी थी जब 2,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई और तकरीबन 30 लाख घर ध्वस्त हो गए थे।

मंगलवार तक मिले आंकडुों के अनुसार चीन के जियांग्शी प्रांत में 800,000 से अधिक निवासी मूसलाधार बारिश और बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने अधिकारियों के हवाले से कहा कि, 28 मई के बाद से बारिश के नवीनतम दौर ने प्रांत के 80 काउंटियों में कहर बरपाया है, जिससे 76,300 हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचा है और 1.16 बिलियन युआन का प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान हुआ है। बता दें कि प्रांत में भारी बारिश रुकने के बाद यहां स्तर 4 बाढ़ नियंत्रण आपातकालीन प्रतिक्रिया को हटा लिया गया। अधिकारियों ने मौसम परिवर्तन और कुशल बाढ़ नियंत्रण और सूखा राहत प्रयासों की बारीकी से निगरानी करने को कहा है।