ब्लू लाइन पर ओएचई तार टूटने से थमा मेट्रो का पहिया, 3 घंटे तक परिचालन बंद होने से यात्री परेशान

 

Delhi Metro: कई छात्रों की परीक्षा छूटने की बात भी सामने आई है।

Delhi Metro चार दिन में दूसरी बार ब्लू लाइन पर ऐसी घटना हुई। इससे नौकरी पेशेवर लोग समय से दफ्तर नहीं पहुंच पाए। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) का कहना है कि किसी चिड़िया द्वारा कोई तार गिराए जाने से ओएचई में शॉट सर्किट हुआ।

नई दिल्लीsurender Aggarwal । Delhi Metro Blue Line: राजधानी की लाइफ लाइन कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो में तकनीकी खराबी की घटनाएं एक बार फिर बढ़ती दिख रही है। स्थिति यह है कि ब्लू लाइन पर एक बार फिर ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) का तार टूटने के कारण बृहस्पतिवार सुबह मेट्रो का पहिया थम गया। इस वजह से सुबह 6:43 बजे से सुबह 9:45 बजे तक नोएडा व वैशाली से दिल्ली के बीच तीन घंटे मेट्रो का परिचालन प्रभावित रहा।

इससे व्यस्त समय में मेट्रो में सफर के दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चार दिन में दूसरी बार ब्लू लाइन पर ऐसी घटना हुई। इससे नौकरी पेशेवर लोग समय से दफ्तर नहीं पहुंच पाए। कई छात्रों की परीक्षा छूटने की बात भी सामने आई है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) का कहना है कि किसी चिड़िया द्वारा कोई तार गिराए जाने से ओएचई में शॉट सर्किट हुआ।

इस वजह से सुबह 6:43 बजे यमुना विहार से इंद्रप्रस्थ के बीच मेट्रो की अप लाइन (नोएडा व वैशाली से द्वारका सेक्टर 21 की ओर जाने का ट्रैक) पर ओएचई का कैटिनरी तार टूट गया। इस वजह से यमुना बैंक से द्वारका की तरफ जाने वाली मेट्रो ट्रेन रुक गई। इससे काफी देर तक यमुना बैंक से इंद्रप्रस्थ के बीच मेट्रो का परिचालन बंद रहा।

इस घटना के तुरंत बाद ओएचई रखरखाव टीम के करीब 25 कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर उसे मरम्मत किया। उन कर्मचारियों ने डीएमआरसी को बताया कि मौके से टूटे हुए चार्जर केबल व अन्य तार पाए गए हैं। ओएचई ठीक होने के उपरांत सुबह करीब 9:45 बजे ब्लू लाइन पर परिचालन सामान्य हो गया। हालांकि, यात्रियों ने सुबह 10 बजे के बाद भी मेट्रो देर से उपलब्ध होने की शिकायत की।

इंद्रप्रस्थ से बाराखंभा रोड स्टेशन के बीच सिंगल लाइन पर हुआ परिचालन

परिचालन प्रभावित होने पर यमुना बैंक व इंद्रप्रस्थ यात्रियों की भारी भीड़ हो गई। इंद्रप्रस्थ स्टेशन पर इतनी अधिक भीड़ हो गई कि पैर रखने भर की जगह नहीं थी। राजीव चौक स्टेशन पर भीड़ के कारण प्रवेश द्वार को भी बंद करना पड़ा। क्योंकि स्टेशनों पर 10 से 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध हो पा रही थी।

डीएमआरसी द्वारा कई स्टेशनों के डिस्प्ले बोर्ड पर नोएडा के लिए भी 32 से 40 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध होने की सूचना दी जा रही थी। डीएमआरसी का कहना है कि डाउन लाइन (द्वारका से नोएडा व वैशाली जाने का ट्रैक) पर मेट्रो का परिचालन बंद नहीं हुआ था।

ओएचई के मरम्मत कार्य के दौरान भीड़ नियंत्रित करने के लिए यमुना बैंक से बाराखंभा रोड स्टेशन के बीच सिंगल लाइन पर मेट्रो का परिचालन किया गया। इसके अलावा इंद्रप्रस्थ से यमुना बैंक के बीच शटल सेवा भी चलाई गई। इस दौरान यमुना बैंक से वैशाली व द्वारका सेक्टर 21 से इंद्रप्रस्थ के बीच दो लूप में मेट्रो का प्रभावी रूप से परिचालन हुआ।


6.11 किलोमीटर लंबी ब्लू लाइन दिल्ली मेट्रो का दूसरा सबसे बड़ा व व्यस्त कारिडोर है। छह जून की रात भी भी इंद्रप्रस्थ व यमुना बैंक के बीच ओएचई टूटने के कारण व्यस्त समय में परिचालन प्रभावित हुआ था। डीएमआरसी के प्रवक्ता अनुज दयाल ने कहा कि ब्लू लाइन के इस प्रभावित हिस्से पर कर्मचारी पूरे दिन ओएचई की निगरानी और निरीक्षण करेंगे। ताकि तकनीकी खराबी की घटनाओं को कम किया जा सके।