समर सीजन के 5 सुपर कूल नाश्ते, खाएंगे तो शरीर रहेगा दिनभर हाइड्रेट

 

Summer Diet: गर्मियों में शरीर में पानी की कमी होने से बचाते हैं ये पांच तरह के नाश्ते।

Summer diet गर्मियों में यूं तो कुछ भी खाने से ज्यादा कुछ ठंडा पीने का मन करता है। ड्रिंक के साथ डायट भी जरूरी है। सलाद छाछ स्मूदी नारियल पानी लौकी नाश्ते में ये हल्की फुल्की चीजें शामिल कर लें तो बॉडी को डि हाइड्रेट होने से बचा सकते हैं।

आगरा, संवाददाता। चिलचिलाती धूप, मानसून का बेसब्री से इंतजार हर दिन गर्मी के अहसास को और बढ़ा देता है। सुबह उठकर काम पर जाने से पहले सबसे पहला टारगेट होता है कि घर से निकलने से पहले कुछ एेसा नाश्ता करें जो शरीर को लू के थपेड़ाें से बचाए तो टेस्ट में भी बेस्ट लगे। डायटिशियन आकांक्षा गुप्ता के अनुसार गर्मियों हल्का और पानीयुक्त नाश्ता करना शरीर की सारी जरूरतों को पूरा करता है।

समर सीजन के 5 बेस्ट नाश्ते

1- खीरा और ककड़ी 

खीरा और ककड़ी दोनों ही पानी से भरपूर फूड है। इन दोनों में लगभग 95% पानी होता है। खीरे और ककड़ी न केवल हाइड्रेशन को बढ़ावा देते हैं, बल्कि वे वजन घटाने में भी मदद कर सकते हैं। दरअसल, इन दोनों में फाइबर की अच्छी खासी मात्रा होती है जो कि मेटाबोलिज्म को तेज करता है और खाना पचाने में तेजी से मदद करता है। ये गर्मियों में कब्ज की समस्या को दूर करता है।

2- सत्तू 

सुबह घर से निकलने से पहले सत्तू का सेवन आपको पूरे दिन तरोताजा रखने के साथ फिट भी रखता है। सत्तू को शरबत के रूप में मीठा भी लिया जा सकता है तो वहीं इसे नमक- जीरा, पुदीना के साथ भी सेवन किया जा सकता है। बाजार में सत्तू चना और चना- सोयाबीन का आसानी से उपलब्ध रहता है।  

3- लस्सी और छाछ

लस्सी और छाछ दोनों ही गर्मियों में पीना शरीर के लिए बहुत फायदेमंद है। ये दोनों पहले को पेट को ठंडा करते हैं। इसके अलावा इन दोनों में ही विटामिन सी होता है जो कि संक्रामक बीमारियों से बचाता है। साथ ही ये लस्सी और छाछ पेट के माइक्रोबायोटा को स्वस्थ रखते हैं और पाचन क्रियाओं को बेहतर बनाता है।

4- नारियल पानी 

नारियल पानी गर्मियों में शरीर को राहत देने का काम करता है। नारियल पानी में इलेक्ट्रोलाइट की भी अच्छी मात्रा होती है। ये गर्मियों में बेहोशी, कमजोरी और मांसपेशियों के ऐंठन से भी बचाता है और शरीर को हेल्दी रखता है।

5- लौकी और तोरई

लौकी और तोरई का सेवन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। इन दोनों में पानी सहित रफेज और फाइबर की भी अच्छी मात्रा होती है। इससे टिशूज और सेल्स हेल्दी रहते हैं और शरीर को कई पोषक तत्व मिलते हैं। सुबह खाली पेट लौकी का जूस शुगर और हार्ट जैसी बीमारियों में लाभ दायक है और बीपी को भी कंट्रोल रखता है।