दिल्ली-एनसीआर में छाए बादल, 6 दिन तक रोज होगी बारिश; 8 डिग्री तक गिर जाएगा तापमान

 

दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश के चलते सप्ताहांत तक तापमान में सात से आठ डिग्री कम होने का अनुमान है।

Delhi Monsoon Update 2022 भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी छह दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। इसके तहत प्री मानसून गतिविधियां बढ़ेंगी और मौसम की इस करवट से सप्ताहांत तक तापमान में सात से आठ डिग्री तक गिरावट आने के आसार हैं।

नई दिल्लीsurender Aggarwal । भीषण गर्मी, लू और तेज धूप से जूझ रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए मौसम विभाग की ओऱ से खुशखबरी आई है। 

मंगलवार शाम होते-होते दिल्ली एनसीआर के आसमान में बादल छागए और अगले छह दिन तक बारिश होगी। ऐसे में एक दो दिन में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

इसी कड़ी में धीरे धीरे प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होंगी और 16 जून तक इसके बढ़ने की उम्मीद है। लगातार बारिश से  सप्ताहांत तक तापमान में सात से आठ डिग्री कम होने का अनुमान है। वहीं,

वहीं दिल्ली-एनसीआर में आगामी 27 जून से पहले मानसून दस्तक दे सकता है।  मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, इस बार देश में जल्दी मानसून ने दस्तक दी है, ऐसे में दिल्ली-एनसीआर में समय से पहले मानूसन आ सकता है। 

वहीं, मौसम विभाग ने मंगलवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की भविष्यवाणी की है। अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिन तक हर रोज वर्षा होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने आगामी पांच दिन के लिए तो येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इससे बुधवार तक पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा और 16 जून से चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, आने वाले सप्ताहांत में गरज के साथ बौछारें, बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश का अनुमान है। सफदरजंग केंद्र पर रविवार तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (जलवायु परिवर्तन और मौसम विज्ञान) महेश पलावत ने कहा, ''19-20 जून से पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ को छोड़कर उत्तर भारत में प्री-मानसून गतिविधि मजबूत हो जाएंगी। इसके साथ साथ ही मानसून भी आगे बढ़ता रहेगा। इससे वर्षा की कमी की भरपाई भी हो जाएगी।'

वहीं, सोमवार को भी दिल्ली में तेज धूप और लू का दौर जारी रहा। अनेक हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक दर्ज किया गया। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 43.7 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान चार डिग्री अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 42 से 22 प्रतिशत रहा।

46.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ नजफगढ़ जबकि 35.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ पीतमपुरा दिल्ली के सबसे गर्म इलाके रहे। स्पो‌र्ट्स काम्प्लेक्स, मुंगेशपुर और रिज स्टेशनों में अधिकतम तापमान क्रमश: 46 डिग्री सेल्सियस, 46.3 डिग्री सेल्सियस और 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मध्यम से खराब श्रेणी में रही दिल्ली एनसीआर की हवा

हवा चलने से सोमवार को दिल्ली एनसीआर की हवा मध्यम से खराब श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली का एयर इंडेक्स 200 के अंक पर रहा। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 167, गाजियाबाद का 234, ग्रेटर नोएडा का 219, गुरुग्राम का 224 व नोएडा का 235 दर्ज किया गया। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता निगरानी एजेंसी सफर इंडिया के मुताबिक मौसम की मेहरबानी से आने वाले दिनों में हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है।