आंध्र प्रदेश: अधेड़ ने पड़ोस में रहने वाली 6 साल की बच्ची के साथ किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया गिरफ्तार

 

बच्ची के साथ दुष्कर्म मामले में आरोपी गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप 45 साल के एक शख्स पर लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

चित्तूर (आंध्र प्रदेश), एएनआइ। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक अधेड़ उम्र के शख्स ने नाबालिग बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा है।

आरोपी की पहचान 45 वर्षीय श्रीधर बाबू के रूप में हुई है। आरोप है कि श्रीधर ने अपने पड़ोस में रहने वाली 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अभी हिरासत में है और उसके खिलाफ दुष्कर्म मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।

बच्ची को घर बुलाकर किया दुष्कर्म

पुलिस ने आगे बताया कि पड़ोसी होने के नाते आरोपी बच्ची को जानता था। आरोपी ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब बच्ची के माता-पिता घर से बाहर गए थे। तभी आरोपी ने बच्ची को अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का मेडिकल परिक्षण कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।