दिल्ली, वेस्ट यूपी, हरियाणा और पंजाब के लोगों के लिए खुशखबरी, जानिये- कब होगी बारिश; 6 डिग्री तक गिर जाएगा तापमान

 

दिल्ली, वेस्ट यूपी, हरियाणा और पंजाब के लोगों के लिए खुशखबरी, जानिये-कब होगी बारिश; 6 डिग्री तक गिर जाएगा तापमान

Weather Forecast Rain ALERT देश की राजधानी दिल्ली के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश राजस्थान और पंजाब-हरियाणा में अगले कुछ दिनों में प्री मानसून की गतिविधियां शुरू होने वाली हैं। इससे गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी।

नई दिल्ली,  डिजिटल डेस्क। भीषण गर्मी और लू का सामना कर रहे दिल्ली-एनसीआर के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के करोड़ों लोगों के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बड़ी राहत की खबर आ रही है। अगले 48 से 72 घंटे में दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल जाएगा और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि प्री-मानसून की वजह से बारिश होगी और 6 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिर जाएगा और लू भी छूमंतर हो जाएगी।

दरअसल, मौसम विभाग के अनुसार एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और हरियाणा पर एक चक्रवाती परिसंचरण को प्रेरित कर सकता है जिससे हरियाणा, पंजाब, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10-11 जून तक रुक-रुक कर प्री-मानसून गतिविधि हो सकती है। राजधानी में शनिवार तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मानसून के 15 जून तक पूर्वी भारत में आने की उम्मीद के साथ, पूर्वी हवाएं नमी लाएंगी और उत्तर-पश्चिम भारत में प्री-मानसून गतिविधि को तेज करेंगी।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (जलवायु परिवर्तन और मौसम विज्ञान) महेश पलावत ने कहा कि मानसून के सामान्य तारीख 27 जून के आसपास दिल्ली पहुंचने की संभावना है। ऐसी कोई प्रणाली नहीं है जो इसकी प्रगति को रोक सके। उन्होंने कहा कि एक या दो सप्ताह में स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

महेश पलावत के अनुसार, पिछले साल, आईएमडी ने भविष्यवाणी की थी कि मानसून अपनी सामान्य तिथि से लगभग दो सप्ताह पहले दिल्ली पहुंच जाएगा। हालांकि, यह 13 जुलाई को ही राजधानी दिल्ली और एनसीआर में पहुंचा था, जिससे यह 19 वर्षों में सबसे अधिक विलंबित हो गया। पलावत ने याद करते हुए कहा कि मानसून ने ''ब्रेक'' चरण में प्रवेश किया था और 20 जून से 8 जुलाई तक लगभग कोई प्रगति नहीं हुई थी। 

धूल भरी हवाओं से दमघोंटू हुई दिल्ली एनसीआर की हवा

वहीं, धूल भरी हवाओं के चलते बुधवार को दिल्ली एनसीआर की हवा दमघोंटू हो गई। दिल्ली के भी ज्यादातर इलाकों का एयर इंडेक्स 300 से ऊपर यानी बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। सफर इंडिया का अनुमान है कि बृहस्पतिवार को भी एयर इंडेक्स इसी स्तर के आसपास बना रहेगा। इससे पहले एक जून को भी रेगिस्तान से आने वाली धूल दिल्ली के आसमान पर छा गई थी और एयर इंडेक्स खराब श्रेणी में पहुंच गया था।


इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रापिकल मीट्रियोलाजी पुणे के मुताबिक इस समय दिल्ली की ओर गुजरात और राजस्थान की ओर से हवा आ रही है। यह हवा अपने साथ बहुत सारी धूल लेकर आ रही है। इसी कारण दिल्ली एनसीआर की हवा बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है।