कस्टडी रिमांड में आरोपितों का बड़ा खुलासा, यह भी हो सकती उपद्रव की असल वजह

 

आरोपितों ने बयां की उपद्रव की असल वजह।

कानपुर में परेड नई सड़क पर हुए उपद्रव में आरोपितों का कस्टडी रिमांड लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो कई बातें सामने आई हैं। उपद्रव के पीछे की वजह भी जानने का प्रयास किया तो अलग अलग कारण पता चल रहे हैं।

कानपुर, संवाददाता। नई सड़क पर सप्ताह पूर्व हुए उपद्रव में शामिल आरोपितों की कस्टडी रिमांड में बड़ा खुलासा सामने आया है। पूछताछ में आरोपितों ने उपद्रव के पीछे असल वजह बताई है। उनका मुख्य उद्देश्य चंद्रेश्वर हाता खाली कराना था। इसे लेकर पहले कई बार विभिन्न माध्यमों से यहां रहने वालों से वार्ता की गई थी, लेकिन बात नहीं बनी थी। यह जानकारी कस्टडी रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में आरोपितों ने दी है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक उपद्रव के मुख्य आरोपित जावेद मोहम्मद खान, जफर हयात हाशमी, मोहम्मद राहिल और मोहम्मद सूफियान ने पूछताछ में बताया कि उपद्रव के पीछे मुख्य उद्देश्य चंद्रेश्वर हाता खाली करना था। आरोपितों ने कबूला कि चंद्रेश्वर हाते की जमीन पर शहर के कई बिल्डरों की निगाहें हैं। कई बार पहले भी चंद्रेश्वर हाता खाली करने के लिए प्रयास किए थे। इसके लिए कई बार वहां के लोगों से बातचीत भी की गई, लेकिन वहां के लोग इसके लिए तैयार नहीं थे। इस पर वहां के लोगों में दहशत फैलाकर लोगों को मजबूर करके हाते को खाली कराने की योजना तैयार की गई थी। इसमें निजाम कुरैशी भी शामिल था।

24 से अधिक अपराधी पथराव में थे शामिल : नई सड़क पर हुए उपद्रव में इलाके के और आसपास के क्षेत्र के 24 से अधिक आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को शामिल किया गया था। इनका काम सिर्फ पथराव कर दहशत फैलाने का था। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने कई अपराधियों के नाम बताए हैं। वहीं, एसआइटी और अन्य टीमों ने कस्टडी रिमांड पर आए आरोपितों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

सिर्फ दो खातों की दी जानकारी : आरोपित जफर हयात हाशमी से हुई पूछताछ में उसने सिर्फ दो खातों के बारे में जानकारी दी है। उसने बताया कि उसका खाता पंजाब नेशनल बैंक में है। दूसरा खाता उसकी पत्नी का रहमानी मार्केंट कैंपस स्थित एसबीआइ में है। पुलिस दोनों खातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।