पिता-पुत्र की हत्या में शामिल नक्सली पंकज यादव गिरफ्तार, है टाप प्रवक्ता अविनाश यादव एवं छोटका सुनील का शागिर्द

 


बिहार के जमुई का चर्चित हत्याकांड में हुई गिरफ्तारी।

Jamui News - बिहार के जमुई जिले में मुखबरी के आरोप में पिता और पुत्र की निर्मम हत्या कर दी गई थी। नक्सलियों ने इस हत्याकांड को अंजाम देते हुए चेतावनी भी दी थी। इसी हत्याकांड में शामिल रहे नक्सली पंकज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।

संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई): चकाई थाना क्षेत्र के बोंगी पंचायत अंतर्गत टोलापहाड़ बाराजोर गांव में एक साल पूर्व हुए पिता पुत्र हत्याकांड में आरोपित नक्सली को पुलिस ने रविवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी अभियान का नेतृत्व कर रहे चकाई थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि 25 अगस्त 2021 को बाराजोर गांव में नक्सलियों ने अर्जुन हेम्ब्रम एवं उसके पुत्र चतुर हेम्ब्रम की गोली मारकर हत्या कर दी थी और पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया था। जिसके बाद मृतका की पत्नी सोनिया किस्कू ने केस दर्ज किया था, जिसमें कई नक्सलियों को आरोपित बनाया गया था।

इस मामले में पूर्व में कई नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। जबकि पंकज यादव फरार चल रहा था। पुलिस ने पंकज यादव को जमुई के बोधवन तालाब इलाके से गिरफ्तार किया है। वह गुप्त रूप से वहा रह रहा था। पंकज यादव चरकापत्थर थाना क्षेत्र के चिलकाखार गांव का रहने वाला है। वह हाल ही में गिरिडीह जेल से छूटकर आया था। उस पर चकाई थाना में एक एवं तीसरी थाना क्षेत्र में संवेदक से लेवी मांगने को लेकर केस दर्ज है।

नक्सलियों के टाप प्रवक्ता अविनाश यादव एवं छोटका सुनील के लिए वह नक्सली संगठन में काम करता है। इसके अलावा कई नक्सली कांडों में भी उसकी संलिप्तता बताई जाती है। पंकज के पिता दरोगी यादव एवं भाई शंकर यादव भी नक्सली केस में जेल में बंद है। पुलिस गिरफ्तार नक्सली से पूछताछ कर रही है। इस अभियान में अवर निरीक्षक मृत्युंजय पंडित, राजकुमार पासवान एवं बीएमपी के जवान शामिल थे।

एक आरोपी को भेजा जेल

संवाद सूत्र गिद्धौऱ : बानाडीह गांव से एक कांड के फरार अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। बताया जाता है कि लक्ष्मीपुर गिद्धौर कांड संख्या 207/21 के अभियुक्त लीला यादव फरार चल रहा था। जिसे गिद्धौर पुलिस ने घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की पुष्टी थानाध्यक्ष शंकर दयाल राव ने की है।